CM साय नारायणपुर के ITBP कैंप में जवानों से मिले, रात्रि भोज कर बढ़ाया मनोबल

नारायणपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नारायणपुर प्रवास के दौरान आईटीबीपी बटालियन परिसर में आईटीबीपी, सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन, बीएसएफ, डीआरजी एवं सीएएफ के जवानों व अधिकारियों से मुलाकात कर बस्तर में शांति और सुरक्षा स्थापना में उनके योगदान की सराहना की। मुख्यमंत्री एवं मंत्रिगणों ने जवानों के साथ रात्रि भोज कर आत्मीय चर्चा भी की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने जवानों से संवाद करते हुए कहा कि नैसर्गिक संसाधनों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिपूर्ण बस्तर के कई क्षेत्र माओवादी आतंक के कारण लंबे समय तक विकास की मुख्यधारा से कटे रहे। जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम के कारण आज बस्तर में शांति का वातावरण बना है और विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में सेवा कर रहे जवानों का मनोबल बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है और राज्य सरकार उनके कल्याण एवं सुविधाओं के लिए निरंतर प्रयासरत है।
जवानों ने भी मुख्यमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए और इस आत्मीय मुलाकात को प्रेरणादायक बताया।इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सुरक्षा बलों के जवानों द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प को पूरी दृढ़ता से धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब बम और गोलियों की आवाज की जगह स्कूलों में ककहरे की गूंज और गांवों में मांदर की थाप सुनाई दे रही है।
कार्यक्रम में अतिथियों ने जवानों को उपहार भेंट किए, वहीं सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री और मंत्रियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। पुलिस बैंड द्वारा स्वागत में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं।ज्ञात हो कि नक्सल गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए क्षेत्र में सुरक्षा कैम्प स्थापित कर केंद्रीय एवं राज्य सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, बस्तर सांसद महेश कश्यप, लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुरिया सहित केंद्रीय व राज्य सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




