
रायपुर। राष्ट्रमंडल खेल 2026 के ग्लासगो संस्करण में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव का सोमवार को मुख्यमंत्री निवास में भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी की उपलब्धि केवल एक खिलाड़ी की सफलता नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की प्रतिभा, मेहनत और संकल्प का सम्मान है। उन्होंने कहा कि अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीतना प्रदेश के खेल इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद ज्ञानेश्वरी ने अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफलता हासिल की। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और ईमानदार मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि ग्लासगो रवाना होने से पहले भी उनकी ज्ञानेश्वरी से मुलाकात हुई थी और उन्होंने बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी थीं। रजत पदक जीतने के बाद मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉल के जरिए भी उन्हें बधाई दी थी। अब मुख्यमंत्री निवास में उनका सम्मान पूरे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक खेल अधोसंरचना, विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, बेहतर कोचिंग और हरसंभव संसाधन उपलब्ध करा रही है। सरकार का लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ के अधिक से अधिक खिलाड़ी ओलंपिक, राष्ट्रमंडल, एशियाई खेल और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन करें।
उन्होंने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य में भी अपने शानदार प्रदर्शन से भारत और छत्तीसगढ़ को विश्व मंच पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।



