RIP Appy Raja: छत्तीसगढ़ी रैप जगत को बड़ा झटका, युवा कलाकार एप्पी राजा का निधन

भानुप्रतापपुर। नगर के युवा कलाकार एवं छत्तीसगढ़ के पहले रैप सिंगरों में गिने जाने वाले चेतन चांडक उर्फ एप्पी राजा का लंबी बीमारी के बाद रायपुर स्थित एम्स में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से भानुप्रतापपुर सहित पूरे प्रदेश के संगीत प्रेमियों और युवाओं में शोक की लहर है।
एप्पी राजा ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और अनूठी गायन शैली के दम पर छत्तीसगढ़ी रैप संगीत को नई पहचान दिलाई थी। उन्होंने स्थानीय संस्कृति, युवा सोच और समकालीन विषयों को अपने गीतों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। यही कारण था कि वे युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय थे और सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी पहचान थी।
संगीत के क्षेत्र में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनके गीतों ने छत्तीसगढ़ी संगीत को आधुनिक अंदाज में नई दिशा देने का काम किया। उनके असमय निधन से प्रदेश के संगीत जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।
एप्पी राजा के निधन पर उनके प्रशंसकों, कलाकारों और शुभचिंतकों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। भानुप्रतापपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में उनके चाहने वाले उन्हें एक प्रतिभाशाली कलाकार और प्रेरणास्रोत के रूप में हमेशा याद रखेंगे।




