छत्तीसगढ़

वर्ल्ड कप स्क्वॉश 2025 में डॉ. विष्णु कुमार श्रीवास्तव जूरी सदस्य नामित, छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है। स्क्वॉश खेल के अंतरराष्ट्रीय आयोजन SDAT स्क्वॉश वर्ल्ड कप 2025 में राज्य के डॉ. विष्णु कुमार श्रीवास्तव को जूरी सदस्य के रूप में नामित किया गया है। प्रतियोगिता 9 से 14 दिसंबर 2025 तक चेन्नई, तमिलनाडु में आयोजित होगी। यह प्रतिष्ठित आयोजन वर्ल्ड स्क्वॉश फेडरेशन के तत्वाधान में और स्क्वॉश रैकेट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित किया जा रहा है। यह पहला मौका है जब छत्तीसगढ़ से किसी व्यक्ति को स्क्वॉश वर्ल्ड कप में जूरी सदस्य के रूप में चयन मिला है।

डॉ. श्रीवास्तव का खेल विकास में महत्वपूर्ण योगदान

क्रीड़ा अधिकारी डॉ. विष्णु कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में राजधानी रायपुर में दो राष्ट्रीय स्क्वॉश प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया जा चुका है।सन् 2000 से राज्य निर्माण के बाद डॉ. श्रीवास्तव द्वारा स्क्वॉश खेल को छत्तीसगढ़ में विकसित करने, खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और पहचान दिलाने के लिए सतत प्रयास किए गए हैं। पहले भी साउथ एशियन गेम्स 2016 (गुवाहाटी) में जूरी सदस्य नामित हो चुके है। उनके प्रयासों से स्क्वॉश खेल विश्वविद्यालय खेल, स्कूल गेम्स, राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार मजबूत उपस्थिति दर्ज कर रहा है। वे वर्ल्ड स्क्वॉश फेडरेशन के लेवल-1 प्रशिक्षक भी हैं और राष्ट्रीय खेल व राष्ट्रीय चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ के प्रदर्शन में सुधार के लिए निरंतर कार्यरत हैं।

डॉ. श्रीवास्तव के चयन पर छत्तीसगढ़ ओलिम्पिक एसोसिएशन के महासचिव विक्रम सिसोदिया, छत्तीसगढ़ स्क्वॉश एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा स्क्वॉश खिलाड़ियों ने शुभकामनाएँ दी हैं। यह जानकारी छत्तीसगढ़ स्क्वॉश एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार अग्रवाल द्वारा जारी की गई है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button