नक्सलियों को गृहमंत्री विजय शर्मा की दो टूक- कुछ बड़ा होने से पहले लौट आएं, पुनर्वास के लिए दरवाज़ा हमेशा खुला

रायपुर। उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने नक्सल मोर्चे पर बड़ा बयान दिया है। हाल ही में हिड़मा के खात्मे नक्सलियों के बड़े सरेंडर और बस्तर में बदलते माहौल के बीच उन्होंने नक्सलियों से मुख्यधारा में लौटने की अपील की है।
विजय शर्मा ने कहा कुछ बड़ा होने से पहले लौट आएं। अब भी कह रहा हूं… जो पुनर्वास चाहते हैं, उनका स्वागत किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि नक्सल संगठन के भीतर मतभेद और टूटन लंबे समय से दिखाई दे रही है। शर्मा ने कहा कि बस्तर के युवाओं को बरगलाकर संगठन में शामिल किया गया, लेकिन अब वास्तविकता सामने आ रही है।
तेलंगाना में हुए मुठभेड़ में हिड़मा के मारे जाने के बाद नक्सल समर्थक समूहों द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर भी उपमुख्यमंत्री ने कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा तेलंगाना में जब नक्सली हताहत हुए, तब संस्था और विचारक सामने आ गए। उनसे क्या वार्ता, जिनका बस्तर से कोई लेना-देना नहीं?
विजय शर्मा ने साफ किया कि सरकार का लक्ष्य बस्तर के आम लोगों को हिंसा से मुक्त करना है और इसके लिए सुरक्षा बलों का अभियान तथा पुनर्वास नीति दोनों साथ-साथ चलेंगे। उन्होंने कहा कि जो नक्सली हिंसा छोड़कर समाज में लौटना चाहते हैं, उनके लिए सभी दरवाजे खुले हैं।




