छत्तीसगढ़

मंत्रालय में उच्च स्तरीय बैठक: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान बोले, छत्तीसगढ़ सिर्फ धान का कटोरा नहीं, फल-सब्जी उत्पादन में भी बन रहा अग्रणी राज्य

PM आवास, कृषि और ग्रामीण विकास पर प्रतिबद्धता के साथ काम

रायपुर। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि छत्तीसगढ़ भले ही देश का धान का कटोरा कहलाता हो, लेकिन अब यहां फल और सब्जी उत्पादन भी तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रभावी उपयोग हो रहा है, जिससे खेती का स्वरूप तेजी से बदल रहा है और किसानों की आय में बढ़ोतरी के नए रास्ते खुल रहे हैं।रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अब परंपरागत खेती से आगे बढ़कर नवाचार आधारित खेती अपनाई जा रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि यहां भाटा भूमि पर टमाटर, तीखी मिर्च के ऊपर शिमला मिर्च, साथ ही ब्लूबेरी और ड्रैगन फ्रूट जैसी उन्नत और लाभकारी फसलों का उत्पादन किया जा रहा है। फल और सब्जी की खेती से किसान प्रति एकड़ 1 से 2 लाख रुपये तक की बचत और अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं।केंद्रीय मंत्री ने बताया कि उनके साथ कृषि विभाग के अधिकारियों की पूरी टीम छत्तीसगढ़ आई हुई है। आज हुई समीक्षा बैठक में यह सामने आया कि राज्य के हर डिवीजन में कृषि विभाग का काम बेहतर तरीके से चल रहा है। हालांकि, कुछ बिंदुओं पर और सुधार की जरूरत भी सामने आई है, जैसे बेहतर धान किस्मों का चयन और उत्पादन।उन्होंने कहा कि यह भी तय किया गया है कि धान कटाई के बाद खेत खाली न रहें, बल्कि वहां दलहन की खेती को बढ़ावा दिया जाए। इसके लिए छत्तीसगढ़ में दलहन मिशन को विशेष रूप से प्रमोट किया जाएगा। साथ ही तिलहन के क्षेत्र में भी राज्य ने अच्छी प्रगति की है। उन्होंने बताया कि मूंगफली और सरसों की पैदावार काफी अच्छी देखने को मिल रही है।शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसानों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए वरिष्ठ वैज्ञानिकों और विभागीय अधिकारियों की एक विशेष टीम बनाई जाएगी, जो जमीनी स्तर पर आ रही चुनौतियों का अध्ययन कर समाधान निकालेगी। इसके साथ ही राज्य में इंटीग्रेटेड फार्मिंग सिस्टम को भी बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि किसान एक ही खेत से कई स्रोतों से आय प्राप्त कर सकें।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

इससे पहले राजधानी स्थित मंत्रालय में आज उच्च स्तरीय बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और कृषि मंत्री रामविचार नेताम मौजूद रहे। इस बैठक में अधिकारियों के साथ राज्य की कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर मंथन किया गया।

पूर्व की कांग्रेस सरकार ने पात्र लोगों को आवास नहीं दिया

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने कई पात्र लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित रखा था। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में PM आवास योजना पर पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम किया जा रहा है, ताकि पात्र हितग्राहियों को जल्द से जल्द आवास का लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत छत्तीसगढ़ में बेहतर और तेज गति से कार्य हो रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है।

कृषि से जुड़े विषयों पर जानकारी देते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में दलहन और तिलहन मिशन को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा। राज्य की भौगोलिक और जलवायु परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए बेहतर फसल उत्पादन पर अध्ययन किया जाएगा, ताकि किसानों की आय में वास्तविक बढ़ोतरी हो सके।

उन्होंने कहा कि किसानों के आर्थिक लाभ बढ़ाने के उद्देश्य से ठोस रणनीति बनाई जा रही है। इसके तहत छत्तीसगढ़ की कृषि संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए एक विशेष कमेटी का गठन किया जाएगा, जिसमें प्रशासनिक अधिकारी और कृषि वैज्ञानिक शामिल रहेंगे। यह कमेटी राज्य की चुनौतियों का अध्ययन कर व्यावहारिक सुझाव देगी।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search