छत्तीसगढ़ में IT की बड़ी रेड: बारबरिक और PRA ग्रुप के 50 ठिकानों पर छापेमारी, 14 करोड़ कैश मिलने की चर्चा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग (Income Tax Department) ने कारोबारियों और बड़े उद्योग समूहों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार सुबह आयकर विभाग की टीमों ने बारबरिक ग्रुप और PRA ग्रुप से जुड़े कारोबारियों के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, सूरजपुर और अंबिकापुर समेत प्रदेश के कई शहरों में करीब 50 ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। कार्रवाई में कारोबारियों के आवास, कार्यालय और फैक्ट्रियां शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे आयकर विभाग की टीमें CRPF के सशस्त्र जवानों के साथ अलग-अलग ठिकानों पर पहुंचीं। इस कार्रवाई में रायपुर और भोपाल के 50 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी शामिल बताए जा रहे हैं। टीमों ने पहुंचते ही कारोबारी दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड, बैंक खातों और डिजिटल डाटा की जांच शुरू कर दी।
बारबरिक ग्रुप के कारोबारियों के ठिकानों पर दबिश
आयकर विभाग की कार्रवाई मुख्य रूप से सूरजपुर के उद्योगपति श्रवण अग्रवाल, बजरंग अग्रवाल और उनसे जुड़े कारोबारी समूहों के ठिकानों पर केंद्रित बताई जा रही है। सूरजपुर में श्रवण अग्रवाल के श्याम मंदिर रोड स्थित आवास के अलावा कार्यालय और कारोबारी साझेदारों के ठिकानों पर भी जांच चल रही है।
बताया जा रहा है कि आयकर विभाग पिछले करीब तीन महीनों से इन कारोबारी समूहों के वित्तीय लेनदेन की पड़ताल कर रहा था। जांच में पिछले पांच वर्षों के आयकर रिटर्न, वास्तविक कर देनदारी और आय-व्यय के बीच अंतर की जानकारी जुटाई जा रही थी।
बिलासपुर में जयप्रकाश मित्तल के घर और फैक्ट्रियों में जांच
कार्रवाई के दायरे में बिलासपुर के विद्यानगर स्थित कारोबारी जयप्रकाश मित्तल (जेपी) का आवास ‘प्रकाश कुंज’ भी शामिल है। इसके अलावा व्यापार विहार स्थित उनकी फर्म महानदी इंटरप्राइजेज, मित्तल स्टील और हनुमान हार्डवेयर में भी आयकर विभाग की टीम पहुंची है।
मोहदा स्थित उनकी हाल ही में उद्घाटित फैक्ट्री में भी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कारोबारी दस्तावेजों, बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की पड़ताल शुरू की है। इस दौरान कारोबारी से पूछताछ भी की जा रही है।
PRA ग्रुप पर भी आयकर विभाग की कार्रवाई
राजधानी रायपुर के बड़े रोड कांट्रेक्टर प्रहलाद अग्रवाल के PRA ग्रुप के ठिकानों पर भी आयकर विभाग की छापेमारी जारी है। समूह के वित्तीय लेनदेन और संभावित अनियमितताओं को लेकर जांच की जा रही है। PRA ग्रुप का कारोबार झारखंड, बिहार और उत्तर भारत के कई राज्यों में सड़क निर्माण के क्षेत्र में फैला हुआ है।
14 करोड़ रुपये कैश मिलने की चर्चा:सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग की जांच में टैक्स चोरी, अघोषित नकदी, बेनामी संपत्तियों, फर्जी बिलिंग और शेल कंपनियों के जरिए संदिग्ध लेनदेन की आशंका को लेकर पड़ताल की जा रही है। कच्ची पर्चियों के जरिए कारोबार और बैंक खातों में संदिग्ध लेनदेन की भी जांच हो रही है।
सूत्रों के हवाले से छापेमारी के दौरान करीब 14 करोड़ रुपये नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और महत्वपूर्ण दस्तावेज मिलने की चर्चा है। हालांकि, इस संबंध में आयकर विभाग की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
3 से 4 दिन तक चल सकती है कार्रवाई
बताया जा रहा है कि वित्तीय दस्तावेजों और लेनदेन की विस्तृत जांच के चलते आयकर विभाग की यह कार्रवाई अगले 3 से 4 दिनों तक जारी रह सकती है। छत्तीसगढ़ के अलावा देश के अन्य शहरों में भी जांच किए जाने की जानकारी सामने आई है।



