
रायपुर। साजा विधायक ईश्वर साहू का छत्तीसगढ़ी कलाकारों के साथ डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस पार्टी द्वारा विधायक के डांस को लेकर सवाल उठाए जाने पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मुद्दा विहीन हो गई है, इसलिए इस तरह के विषय लेकर आती है।
दरअसल, बुधवार को नगर पंचायत मारो में विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री अरुण साव शामिल हुए। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने की। इस दौरान साजा विधायक ईश्वर साहू भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कलाकारों के साथ विधायक ने लगाए ठुमके
कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ी कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुति आयोजित की गई थी। इस दौरान वहां मौजूद कार्यकर्ताओं और लोगों ने विधायक ईश्वर साहू से भी डांस करने की मांग की। लोगों की मांग पर विधायक ने कलाकारों के साथ डांस किया। उनका यह अंदाज अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
कांग्रेस के सवाल पर अरुण साव का जवाब
विधायक ईश्वर साहू के डांस का वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने कहा कि बीजेपी विधायक जनहित में कोई कार्य नहीं कर रहे, जनता परेशान है, और विधायक ठुमके लगाने में व्यस्त है। मामले में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी मुद्दा विहीन हो गई है। इसलिए ऐसे विषय लेकर आती है।
मारो नगर पंचायत को 2.31 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने नगर पंचायत मारो को कुल 2 करोड़ 31 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। वार्ड क्रमांक 3 में 75 लाख 20 हजार रुपये की लागत से बनने वाले डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्व समाज मंगल भवन का विधिवत भूमिपूजन भी किया गया।




