छत्तीसगढ़

महापौर मीनल चौबे बोलीं – मरीन ड्राइव में सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए नहीं लगेगा कोई पार्किंग शुल्क

रायपुर। राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव में आने वाले लोगों से पार्किंग शुल्क वसूलने के आदेश के बाद शहर की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। आदेश जारी होते ही मौके पर पहुंचीं मीनल चौबे ने पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि यह निर्णय यातायात व्यवस्था और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखकर लिया गया है।

महापौर मीनल चौबे ने बताया कि मरीन ड्राइव क्षेत्र में चार पहिया वाहनों की सड़क पर घंटों पार्किंग के कारण यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही थी। इससे न केवल जाम की स्थिति बनती थी, बल्कि पैदल चलने वालों और स्थानीय नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या को दूर करने के लिए पार्किंग शुल्क का फैसला लिया गया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस निर्णय से आम जनता को निश्चित रूप से लाभ होगा, क्योंकि अब सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग पर रोक लगेगी और ट्रैफिक सुचारु रूप से चलेगा। साथ ही पार्किंग के लिए निर्धारित स्थानों में खड़ी की जाने वाली गाड़ियां सुरक्षित रहेंगी।

दोपहर 12 बजे तक नहीं लगेगा शुल्क

महापौर ने लोगों को राहत देते हुए यह भी ऐलान किया कि सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए आने वाले नागरिकों से कोई पार्किंग शुल्क नहीं लिया जाएगा। दोपहर 12 बजे तक आम लोगों को पार्किंग शुल्क से पूरी तरह राहत दी गई है, ताकि सुबह टहलने, योग और व्यायाम के लिए आने वालों को किसी तरह की असुविधा न हो।

मीनल चौबे ने कहा कि मरीन ड्राइव क्षेत्र में लगाए गए सूचना बोर्ड में लिखे नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई भी की जाएगी, ताकि व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

महापौर के अनुसार, यह फैसला किसी पर अतिरिक्त बोझ डालने के लिए नहीं, बल्कि शहर को व्यवस्थित, सुरक्षित और सुगम बनाने की दिशा में उठाया गया कदम है। आने वाले दिनों में इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button