CG NEWS : कवर्धा में गुरुजी की पाठशाला बनी ‘पैगशाला’, वीडियो वायरल होने से मचा बवाल

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में एक शासकीय स्कूल के शिक्षक का स्कूल परिसर में शराब पीते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। मामला पंडरिया विकासखंड के तेलियापानी लेदरा गांव स्थित सरकारी स्कूल का बताया जा रहा है।
वायरल वीडियो में शिक्षक स्कूल के एक कमरे के भीतर शराब पीते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों में नाराजगी है। उनका कहना है कि शिक्षा के मंदिर में इस तरह की हरकत न केवल अनुशासनहीनता है, बल्कि विद्यार्थियों पर भी इसका गलत प्रभाव पड़ता है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले की जानकारी मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच कराई जाएगी और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल प्रशासन की ओर से वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




