आत्मानंद स्कूलों में प्री-नर्सरी एडमिशन बंद, नए सत्र से नहीं चलेंगी कक्षाएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के प्रश्नकाल में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों के संचालन को लेकर अहम मुद्दा उठा। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के सवाल पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने सदन में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि आने वाले शैक्षणिक सत्र से आत्मानंद स्कूलों में प्री-नर्सरी कक्षाएं संचालित नहीं की जाएंगी। इसके साथ ही प्री-नर्सरी में नए बच्चों का एडमिशन भी बंद कर दिया गया है।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि डीएलएफ (DLF) फंड के प्रावधान में बदलाव के कारण यह निर्णय लिया गया है। फंडिंग व्यवस्था में परिवर्तन होने से प्री-प्राइमरी कक्षाओं के शिक्षकों को भी हटाए जाने की संभावना जताई गई है।
विधानसभा में दी गई इस जानकारी के बाद आत्मानंद स्कूलों की प्री-प्राइमरी शिक्षा व्यवस्था को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। आने वाले सत्र में इन स्कूलों में प्री-नर्सरी स्तर पर दाखिले नहीं होंगे, जबकि पहले से पढ़ रहे बच्चों को लेकर आगे की व्यवस्था पर निर्णय लिया जाना बाकी है।




