बस्तर में AIIA की स्थापना का प्रस्ताव, अमित शाह से मिले CM साय

रायपुर/नई दिल्ली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) की स्थापना का प्रस्ताव रखा। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ औषधीय वनस्पतियों, जड़ी-बूटियों और जनजातीय पारंपरिक चिकित्सा ज्ञान से समृद्ध राज्य है। ऐसे में यहां AIIA की स्थापना से आयुर्वेद चिकित्सा, उच्च शिक्षा और अनुसंधान को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने बताया कि इससे प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे मध्य भारत के लोगों को बेहतर आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय बजट 2026 में घोषित तीन नए AIIA में से एक संस्थान छत्तीसगढ़ को आवंटित करने का आग्रह किया। बैठक में बस्तर सहित राज्य के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी चर्चा हुई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य के विकास कार्यों की सराहना करते हुए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।




