
दुर्ग। जिले में शिवनाथ नदी के किनारे स्थित समोदा गांव में पकड़ी गई अवैध अफीम की खेती मामले में अब राजस्थान कनेक्शन सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने जोधपुर से अफीम के बीज सप्लाई करने वाले छोटूराम को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, अब तक इस मामले में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें दो आरोपी राजस्थान के रहने वाले हैं। इनमें बीज सप्लाई करने वाले छोटूराम के अलावा अफीम खेती का मास्टरमाइंड विकास बिश्नोई भी राजस्थान का निवासी है। वहीं चौथा आरोपी मनीष ठाकुर समोदा गांव का रहने वाला है, जहां अफीम की खेती की जा रही थी।
5 एकड़ से अधिक जमीन में लगी थी अफीम की फसल
पुलिस कार्रवाई के दौरान दुर्ग जिले के समोदा–झेनझरी गांवों के मध्य लगभग 5 एकड़ 62 डिसमिल भूमि पर लगी अफीम की फसल को नष्ट किया गया। मौके से हजारों अफीम के पौधे, कई किलो डोडा और फूल जब्त किए गए हैं। जब्त की गई अफीम की अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
रिमांड में आरोपियों से पूछताछ जारी: फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस रिमांड पर पूछताछ की जा रही है, ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।
इस पूरी कार्रवाई के लिए दुर्ग के एसएसपी विजय अग्रवाल ने एसीसीयू दुर्ग, थाना पुलगांव और चौकी जेवरा-सिरसा की संयुक्त पुलिस टीम की सराहना की है।




