Rajim Kumbh 2026: 1 जनवरी से 5 मार्च 2026 तक राजिम कुंभ (कल्प) मेला 2026, 1 से 15 फरवरी तक मुख्य आयोजन

अधिसूचना जारी, माघ पूर्णिमा से महाशिवरात्रि तक रहेगा धार्मिक महापर्व
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने राजिम कुंभ कल्प मेला 2026 की आधिकारिक अवधि घोषित कर दी है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित की गई है। अधिसूचना के अनुसार मेला सत्र 1 जनवरी 2026 से 5 मार्च 2026 तक रहेगा, जबकि मुख्य राजिम कुंभ (कल्प) मेला माघ पूर्णिमा 1 फरवरी 2026 से महाशिवरात्रि 15 फरवरी 2026 तक आयोजित होगा।
धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग द्वारा जारी अधिसूचना में बताया गया है कि यह निर्णय छत्तीसगढ़ राजिम कुंभ (कल्प) मेला अधिनियम, 2006 की धारा-2 की उपधारा (9) के तहत राज्य शासन को प्राप्त अधिकारों के अंतर्गत लिया गया है। मेला अवधि में प्रारंभिक एवं पश्चातवर्ती तैयारियों को भी शामिल किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित व्यवस्थाएं मिल सकें। अधिसूचना नवा रायपुर अटल नगर से 12 दिसंबर 2025 को जारी की गई है। आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से जारी हुआ है।
राजिम कुंभ (कल्प) मेला प्रदेश का प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन है, जिसमें देशभर से संत-महात्मा, श्रद्धालु और पर्यटक बड़ी संख्या में शामिल होते हैं। शासन द्वारा समय-सीमा घोषित होने के बाद अब मेला तैयारियों को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज की जाएगी।





