छत्तीसगढ़देश

ब्रिक्स ट्रेड यूनियन फोरम समिट में SECL ने बढ़ाया भारत और कोल इंडिया का गौरव, बिरंची दास ने साझा किया श्रेष्ठ एचआर मॉडल

ब्रिक्स मंच पर गूंजी कोल इंडिया की कर्मचारी कल्याण, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक विकास की पहल

बिलासपुर। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता-2026 के तहत हैदराबाद में 14 से 16 जुलाई तक आयोजित ब्रिक्स ट्रेड यूनियन फोरम समिट में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने कोल इंडिया लिमिटेड का प्रतिनिधित्व करते हुए वैश्विक मंच पर भारत की मानव संसाधन प्रबंधन और कर्मचारी कल्याण की उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

समिट में एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने “ब्रिक्स+ देशों में सर्वोत्तम प्रथाएं” विषय पर आयोजित पैनल चर्चा में भाग लेते हुए कोल इंडिया की कर्मचारी हितैषी नीतियों, मानव संसाधन प्रबंधन, सामाजिक उत्तरदायित्व और समावेशी विकास के मॉडल को अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के समक्ष साझा किया।

अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि 2.2 लाख से अधिक कर्मचारियों वाले देश के सबसे बड़े सार्वजनिक उपक्रमों में शामिल कोल इंडिया ने कर्मचारी कल्याण, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और सौहार्दपूर्ण औद्योगिक संबंधों को मजबूत करने के लिए अनेक अभिनव पहलें की हैं। उन्होंने कहा कि जन-केंद्रित नीतियों और सहभागी कार्यसंस्कृति के माध्यम से संगठन कर्मचारियों के हितों और उत्पादकता के बीच प्रभावी संतुलन स्थापित कर रहा है।

बिरंची दास ने एसईसीएल की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) आधारित योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि “एसईसीएल के सुष्रुत” योजना के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है, जबकि “एसईसीएल की धड़कन” जैसी पहल से कोयलांचल क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय सकारात्मक बदलाव आए हैं। इन सफल मॉडलों को भी उन्होंने ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधियों के साथ साझा किया।

गौरतलब है कि भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता-2026 की थीम “Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability” है। इसी थीम के अनुरूप आयोजित इस तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय समिट में 50 से अधिक विदेशी प्रतिनिधियों, भारतीय ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधियों, श्रम विशेषज्ञों और शिक्षाविदों ने भाग लिया।

समिट के दौरान सार्वभौमिक सामाजिक सुरक्षा, भविष्य के कार्यबल के लिए कौशल विकास, मानव-केंद्रित प्रौद्योगिकी, उत्तरदायी कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) तथा बदलती कार्य संस्कृति में महिलाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक मंथन किया गया।

एसईसीएल द्वारा इस वैश्विक मंच पर कोल इंडिया का प्रतिनिधित्व करना न केवल संगठन की अंतरराष्ट्रीय पहचान को मजबूत करता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि भारतीय सार्वजनिक उपक्रम मानव संसाधन प्रबंधन, कर्मचारी कल्याण और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search