रायपुर में फायर स्टेशनों की कमी का मुद्दा विधानसभा में गूंजा, सुनील सोनी ने पूछा- नए फायर स्टेशन कब तक बनेंगे? मंत्री विजय शर्मा बोले- जल्द होगी समीक्षा

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान राजधानी रायपुर में अग्निशमन सेवाओं की स्थिति और फायर स्टेशनों की कमी का मुद्दा जोरदार तरीके से उठा। रायपुर दक्षिण के विधायक सुनील सोनी ने शहर की लगातार बढ़ती आबादी और हाल के दिनों में आगजनी की बढ़ती घटनाओं का हवाला देते हुए सरकार से नए फायर स्टेशन स्थापित करने की समयसीमा पूछी। उन्होंने कहा कि राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अब फायर स्टेशनों का विस्तार जरूरी हो गया है।
विधायक सुनील सोनी ने सदन में कहा कि रायपुर की आबादी लगभग 9 लाख तक पहुंच चुकी है। उन्होंने बताया कि नेशनल एडवाइजरी के अनुसार प्रत्येक 2 लाख की आबादी पर एक फायर स्टेशन होना चाहिए। इस मानक के हिसाब से राजधानी में कम से कम चार से पांच फायर स्टेशन होने चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में दमकल वाहन कम समय में घटनास्थल तक पहुंच सकें। उन्होंने सरकार से पूछा कि नए फायर स्टेशनों का भूमिपूजन आखिर कब तक कराया जाएगा।
इस पर जवाब देते हुए गृह एवं जेल मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि वर्तमान में रायपुर में अग्निशमन सेवाएं संचालित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि टिकरापारा में नगर निगम द्वारा संचालित फायर स्टेशन, नवा रायपुर में एक फायर स्टेशन सहित कुल तीन फायर स्टेशन उपलब्ध हैं। इसके अलावा राजधानी में 22 दमकल वाहनों के माध्यम से अग्निशमन सेवाएं दी जा रही हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अग्निशमन संसाधनों को और मजबूत करने के लिए आगामी समय में राजस्व विभाग के आपदा प्रबंधन विभाग के माध्यम से नए उपकरणों और संसाधनों की खरीद की जाएगी।
सुनील सोनी ने सरकार के जवाब पर असंतोष जताते हुए कहा कि पिछले एक महीने में रायपुर में छह से अधिक बड़ी आगजनी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें व्यापारिक प्रतिष्ठानों और अन्य स्थानों पर करोड़ों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि शहर के अलग-अलग हिस्सों में पर्याप्त संख्या में फायर स्टेशन होते, तो कई घटनाओं में नुकसान को कम किया जा सकता था। उन्होंने सरकार से राजधानी के चारों दिशाओं में आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए फायर स्टेशन स्थापित करने की मांग दोहराई।
गृह मंत्री विजय शर्मा ने स्वीकार किया कि वर्तमान में उपलब्ध संसाधनों के साथ विभाग काम कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कई आगजनी की घटनाओं में संबंधित संस्थानों और प्रतिष्ठानों की गंभीर लापरवाही भी सामने आई है। ऐसे मामलों की जांच की जा रही है और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने सदन को आश्वस्त किया कि सरकार इस विषय पर जल्द ही विस्तृत समीक्षा बैठक करेगी और रायपुर में अग्निशमन सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।




