छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 109.40 करोड़ से बदलेगी खेल अधोसंरचना की तस्वीर, नवा रायपुर में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और दुर्ग में मल्टीपरपज स्टेडियम को मिली प्रशासनिक मंजूरी

नवा रायपुर में इंडोर स्टेडियम, एथलेटिक्स ट्रैक सहित कई अहम कार्य होंगे शामिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खेल अधोसंरचना को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राज्य शासन ने दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए कुल 109 करोड़ 39 लाख 75 हजार रुपए की स्वीकृति प्रदान की है। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग द्वारा मंत्रालय से इन परियोजनाओं की प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी गई है।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अनुसार, नवा रायपुर में अत्याधुनिक खेल कॉम्प्लेक्स के निर्माण हेतु 94 करोड़ 68 लाख 98 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। यह कॉम्प्लेक्स राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वहीं, दुर्ग जिले में बहु-उद्देश्यीय स्टेडियम के निर्माण के लिए 14 करोड़ 70 लाख 77 हजार रुपए की मंजूरी दी गई है।

इस स्टेडियम के निर्माण से क्षेत्रीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के आयोजन की सुविधा मिलेगी।राज्य सरकार का यह निर्णय प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को निखारने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

नवा रायपुर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में मिलेंगी अत्याधुनिक खेल सुविधाएं

राज्य सरकार द्वारा नवा रायपुर में विकसित किए जा रहे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को आधुनिक खेल सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। इस परियोजना के तहत खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया गया है।स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आधुनिक इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा, जिसमें विभिन्न इंडोर खेलों के लिए विश्वस्तरीय व्यवस्था होगी। इसके साथ ही एथलेटिक्स के लिए अत्याधुनिक ट्रैक विकसित किया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों को पेशेवर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं की सुविधा मिल सकेगी।

इसके अलावा कॉम्प्लेक्स में इंटरनेशनल स्तर की बैडमिंटन अकादमी और तीरंदाजी (आर्चरी) अकादमी स्थापित की जाएगी। क्रिकेट स्टेडियम में वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाएगा, जिससे मैदान की गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिलेगी।

परियोजना के तहत टेनिस स्टेडियम का विकास और एथलेटिक्स स्टेडियम का उन्नयन एवं मरम्मत कार्य भी किया जाएगा। इन सभी सुविधाओं के विकसित होने से नवा रायपुर राज्य का प्रमुख स्पोर्ट्स हब बनकर उभरेगा और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलेंगे।

राज्य सरकार प्रदेश में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार प्रतिबद्ध है। नवा रायपुर में विकसित किया जा रहा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करेगा, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे – अरुण साव,खेल मंत्री

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button