रायपुर में 10 साल बाद लौटा IPL का रोमांच, BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और संयुक्त सचिव प्रभतेज भाटिया के प्रयासों से मिली मेजबानी

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बार फिर आईपीएल का रोमांच लौट आया है। करीब 10 वर्षों बाद नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आईपीएल मुकाबलों का आयोजन किया जा रहा है। रविवार को यहां Royal Challengers Bengaluru और Mumbai Indians के बीच हाईवोल्टेज मुकाबला खेला गया, जिसे लेकर क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही बड़ी संख्या में दर्शक स्टेडियम पहुंचने लगे थे।
रायपुर में IPL 2026 मुकाबलों की मेजबानी का श्रेय Rajeev Shukla और Prabhtej Singh Bhatia को दिया जा रहा है। दोनों के प्रयासों से ही रायपुर को दोबारा आईपीएल मैचों की मेजबानी का अवसर मिला है।
रायपुर में दो बड़े मुकाबले
आईपीएल 2026 के तहत रायपुर में दो मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। पहला मुकाबला 10 मई को RCB और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया, जबकि दूसरा मुकाबला 13 मई को Kolkata Knight Riders और RCB के बीच होगा।
इस बार RCB ने रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को अपना दूसरा होम ग्राउंड बनाया है, जिससे छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
देश के सबसे बड़े स्टेडियमों में शामिल है रायपुर का स्टेडियम
नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम देश के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियमों में गिना जाता है। यहां लगभग 60 हजार से 65 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता है। यह स्टेडियम पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की मेजबानी कर चुका है।
अब आईपीएल मैचों के आयोजन से रायपुर एक बार फिर देश के क्रिकेट मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
प्रभतेज भाटिया का बढ़ता कद
Prabhtej Singh Bhatia को हाल ही में BCCI का संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे बोर्ड में कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्होंने इस पद पर रोहन गौस देसाई की जगह ली, जबकि नए कोषाध्यक्ष के रूप में ए. रघुराम भट को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
BCCI में संयुक्त सचिव का पद बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। इस पद पर रहते हुए प्रभतेज भाटिया अंडर-19 टीम, महिला क्रिकेट टीम और अन्य राष्ट्रीय टीमों के चयन एवं प्रबंधन में अहम भूमिका निभाएंगे। साथ ही वे राज्य के क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने की दिशा में भी कार्य करेंगे।
छत्तीसगढ़ क्रिकेट को नई पहचान:रायपुर में वर्ष 1991 में जन्मे प्रभतेज सिंह भाटिया ने छत्तीसगढ़ क्रिकेट को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके नेतृत्व में राज्य की टीमों ने राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन किया है।
हाल ही में छत्तीसगढ़ के दो खिलाड़ियों का चयन दिलीप ट्रॉफी के लिए हुआ था और मध्य क्षेत्र की टीम ने पहली बार यह ट्रॉफी जीतने का गौरव हासिल किया। प्रभतेज भाटिया ने क्रिकेट प्रशासन में पारदर्शिता, नई प्रतिभाओं को अवसर देने और खिलाड़ियों के विकास पर विशेष जोर दिया है।
शिक्षा और पारिवारिक पृष्ठभूमि: प्रभतेज सिंह भाटिया छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध उद्योगपति और समाजसेवी Baldev Singh Bhatia के पुत्र हैं। उनके पिता छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।प्रभतेज ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा शिमला से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने यूनाइटेड किंगडम स्थित University of Exeter से इकोनॉमिक्स ऑनर्स इन फाइनेंस की पढ़ाई की। उनकी शिक्षा और नेतृत्व क्षमता ने उन्हें क्रिकेट प्रशासन में एक प्रभावशाली पहचान दिलाई है।




