इंडिगो की बदइंतज़ामियां थमने का नाम नहीं,आज सुबह की सभी फ्लाइट रद्द, रायपुर से एक हफ्ते में 90 फ्लाइट हुई कैंसल, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

रायपुर। राजधानी रायपुर और आसपास के राज्यों में इंडिगो की उड़ानों की अव्यवस्था लगातार यात्रियों को परेशान कर रही है। पिछले एक हफ्ते से एयरलाइन की बदइंतज़ामियां जारी हैं, जिसकी वजह से देशभर के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के यात्रियों को भारी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
ताजा जानकारी के अनुसार माना एयरपोर्ट से सुबह उड़ने वाली इंडिगो की सभी उड़ानें आज फिर रद्द कर दी गईं। इससे यात्रियों को अंतिम समय में टिकट कैंसिल, रिफंड और कनेक्टिंग फ्लाइट के छूटने जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई यात्रियों ने एयरलाइन पर सूचना समय पर न देने का आरोप लगाया है।
रायपुर से पिछले सात दिनों के भीतर 90 फ्लाइटें रद्द हो चुकी हैं, जिसकी वजह से लगभग हर दिन हजारों यात्री प्रभावित हो रहे हैं। कई लोग मेडिकल, बिजनेस और परीक्षाओं के लिए प्लान की गई यात्राएं भी नहीं कर पा रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि एयरलाइन की ओर से स्पष्ट कारण नहीं बताया जा रहा है, न ही वैकल्पिक यात्रा प्रबंधन उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि लगातार कैंसिलेशन का कारण ऑपरेशनल तकनीकी समस्या और क्रू मैनेजमेंट की दिक्कतें बताई जा रही हैं।
यात्रियों ने DGCA और केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है ताकि इंडिगो की अव्यवस्था पर रोक लगे और यात्रियों को राहत मिल सके।




