छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत कल प्रदेशभर में 6,412 जोड़ों का होगा विवाह

साइंस कॉलेज मैदान में राज्य स्तरीय कार्यक्रम, मुख्यमंत्री करेंगे ‘कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान’ का शुभारंभ

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कल 10 फरवरी को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय विवाह कार्यक्रम में शामिल होकर प्रदेशभर के 6,412 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे। यह सामूहिक विवाह विभिन्न धार्मिक परंपराओं एवं रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न होगा। राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय “कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान” का भी शुभारंभ करेंगे।

कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान की शुरुआत बस्तर संभाग से

कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के प्रथम चरण में 6 माह से 52 माह आयु वर्ग के 40 हजार कुपोषित बच्चों को कवर किया जाएगा। इस अभियान की शुरुआत बस्तर संभाग से की जाएगी, जिसमें बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर और सुकमा जिले शामिल हैं।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रमुख जनप्रतिनिधियों की उपस्थितिइस भव्य कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री द्वय अरुण साव एवं विजय शर्मा, केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

1,316 जोड़ों का विवाह, 50 हजार रुपये की सहायता

मुख्य कार्यक्रम में प्रातः 11 बजे से 1,316 जोड़ों का विवाह संपन्न होगा। इन नवविवाहित जोड़ों को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत:₹35,000 की राशि सीधे बैंक खाते में,₹15,000 की राशि उपहार सामग्री एवं विवाह आयोजन हेतु प्रदान की जाएगी।

इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम से बलौदा बाजार, धमतरी, दुर्ग, महासमुंद एवं राजनांदगांव जिलों के जोड़े ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगे। शेष जिलों में जिला मुख्यालयों पर सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें संबंधित प्रभारी मंत्री एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

सभी धर्मों और समुदायों की सहभागितामुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत प्रदेशभर में:

हिंदू रीति से 6,281 जोड़े,

मुस्लिम रीति से 3 जोड़े,

ईसाई रीति से 113 जोड़े,

बौद्ध रीति से 5 जोड़े,

बैगा समुदाय के 10 जोड़ेविवाह सूत्र में बंधेंगे।

सामाजिक समरसता और जनकल्याण का सशक्त उदाहरण

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से राज्य शासन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को सम्मानपूर्वक विवाह का अवसर प्रदान कर रहा है। यह वृहद आयोजन सामाजिक समानता, समरसता और जनकल्याणकारी शासन के प्रति राज्य सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से दर्शाता है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button