छत्तीसगढ़राजनीति

जगदलपुर में दीपोत्सव को लेकर बवाल, कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प; गृहमंत्री विजय शर्मा से भी बहस

जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर जगदलपुर में आयोजित ‘आशीर्वाद समारोह’ के तहत दीपोत्सव कार्यक्रम के दौरान बुधवार को जमकर हंगामा हो गया। दंतेश्वरी मंदिर से मिताली चौक तक दीये जलाने के आयोजन को लेकर कांग्रेस ने विरोध दर्ज कराया। देखते ही देखते विवाद कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प में बदल गया।

दुकानदारों की परेशानी को लेकर कांग्रेस का विरोध

कांग्रेस का आरोप था कि दीपोत्सव के लिए लगाए गए बैरिकेड के कारण सड़क किनारे मौजूद छोटी-बड़ी दुकानें बंद हो गई हैं। इससे स्थानीय दुकानदारों को परेशानी हो रही है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आयोजन स्थल पर पहुंचकर विरोध जताया।

भाजपा कार्यकर्ताओं के पहुंचने के बाद बढ़ा विवाद

कांग्रेस के विरोध के बीच भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ महापौर संजय पांडे भी मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी बहस हुई। इसके बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच खींचतान और झड़प शुरू हो गई।मौके पर स्थिति इस कदर बिगड़ी कि जूते-चप्पल और चश्मे तक सड़क पर बिखरे नजर आए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

विवाद बढ़ता देख पुलिस ने मोर्चा संभाला। बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और कांग्रेस तथा भाजपा कार्यकर्ताओं को अलग-अलग किया। इसके बावजूद मौके पर कुछ देर तक नारेबाजी जारी रही।

गृहमंत्री विजय शर्मा से भी कांग्रेसियों की बहस

इसी दौरान गृहमंत्री विजय शर्मा के साथ भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बहस होने की बात सामने आई है। आयोजन को लेकर शुरू हुआ विरोध अब राजनीतिक टकराव में बदल गया है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगाते नजर आए।

फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search