700 दिन तक चलेगा ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’, लोक भवन से राज्य स्तरीय शुभारंभ

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में रविवार से ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत हुई। छत्तीसगढ़ में इसका राज्य स्तरीय शुभारंभ राजधानी रायपुर के लोक भवन में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि और स्वयंसेवी संगठनों के सदस्य शामिल हुए तथा सभी ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।


नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से अभियान का शुभारंभ करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की सबसे बड़ी भूमिका है और यदि युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का सकारात्मक उपयोग करें, तो भारत को विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता। प्रधानमंत्री ने युवाओं से स्वयं नशामुक्त जीवन अपनाने और अपने परिवार व समाज को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
लोक भवन में प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा गया। इसके बाद राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्ति की शपथ ली। कार्यक्रम में नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
यह अभियान 2 अगस्त 2026 से अगले 100 सप्ताह तक पूरे देश में चलेगा। इसके तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, एनएसएस, एनसीसी, माय भारत युवा संगठन और अन्य युवा संगठनों के सहयोग से शपथ कार्यक्रम, जागरूकता रैली, पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिता, वाद-विवाद, निबंध लेखन, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, लघु फिल्म प्रदर्शन, सोशल मीडिया अभियान और सामुदायिक संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार सत्यभामा अजय दुबे, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में युवा और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




