
रायपुर – राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट का नेविगेशन सिस्टम आकाशीय बिजली गिरने से खराब हो गया है। बुधवार शाम से यह सिस्टम ध्वस्त है, जिसकी वजह से एयरपोर्ट पर विमानों का संचालन प्रभावित है। कल शाम से लेकर गुरुवार सुबह तक कोई भी फ्लाइट रायपुर एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सकी।
एयरपोर्ट निदेशक केके लहरे ने बताया कि तकनीकी टीम लगातार मरम्मत में जुटी है और संभावना है कि आज दोपहर बाद तक नेविगेशन सिस्टम को दुरुस्त कर लिया जाएगा। उसके बाद फ्लाइट संचालन सामान्य हो सकेगा।
सीएम साय का विमान उड़ान भरेगा
नेविगेशन सिस्टम खराबी के बावजूद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का विशेष विमान गुरुवार सुबह साढ़े 10 बजे रायपुर से जगदलपुर के लिए उड़ान भरेगा। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक एयरपोर्ट से विमान उड़ान भरने में सक्षम है और इसे संचालन की अनुमति दी गई है। सीएम साय आज जगदलपुर में आयोजित बस्तर इन्वेस्टर्स मीट में शामिल होंगे। इसके अलावा वे कई अन्य कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे।
यात्री होते रहे परेशान
स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट का नेविगेशन सिस्टम खराब होने से यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। आज सुबह दिल्ली, कोलकाता और मुंबई समेत अन्य शहरों जाने वाली फ्लाइट्स निर्धारित समय पर रवाना नहीं हो सकीं। यात्रियों के मोबाइल पर एयरलाइंस की ओर से सिर्फ फ्लाइट डिले का मैसेज आया, लेकिन उसमें यह स्पष्ट नहीं था कि उड़ान कब भरेगी। जानकारी के अभाव में कई यात्री सुबह एयरपोर्ट पहुंच गए। एयरपोर्ट स्थित टिकट काउंटर पर भी स्टाफ यात्रियों को सटीक जानकारी नहीं दे पा रहा था। इससे यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा और वे परेशान होते रहे।





