
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगे ग्रामीण क्षेत्र में जुए के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। खरोरा थाना क्षेत्र के सारागांव में संचालित जुए के फड़ पर पुलिस ने दबिश देकर 13 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। मौके से 52 ताशपत्ती के साथ करीब साढ़े 3 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं।
गोलू यादव और महेश यादव पर फड़ संचालन का आरोप
जानकारी के मुताबिक, सारागांव में गोलू यादव और महेश यादव द्वारा जुए का फड़ संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की और मौके से 13 लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपी रायपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। इनमें आदतन जुआरी शामिल होने की जानकारी भी सामने आई है।
जुआ एक्ट और संगठित अपराध के तहत FIR
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 52 ताशपत्ती और लगभग 3.50 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं। मामले में जुआ एक्ट की संबंधित धाराओं और संगठित अपराध के तहत एफआईआर दर्ज किए जाने की जानकारी दी गई है।
फिलहाल यह मामला खरोरा थाना क्षेत्र का है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में जुआ संचालित करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।



