छत्तीसगढ़अपराध

बिलासपुर में घूसखोरी का वीडियो वायरल, 1 लाख रुपये लेते कैमरे में कैद हुआ आरक्षक

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने वाला मामला सामने आया है। पचपेड़ी थाना में पदस्थ आरक्षक गजपाल जांगड़े का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह 1 लाख रुपये गिनते हुए नजर आ रहा है।

मामला गुंडा-बदमाश सूची में नाम आने से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी के घर आरक्षक गजपाल जांगड़े पहुंचा था और जेल नहीं भेजने के एवज में परिजनों से 1 लाख रुपये की मांग की। परिजनों ने उसकी ये हरकत कैमरे में कैद कर ली, जिसमें वह नोट गिनता हुआ साफ दिखाई दे रहा है।

वीडियो सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर आक्रोश है। वीडियो वायरल होने के बाद आरक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग उठने लगी है।वरिष्ठ अधिकारियों को जैसे ही इस प्रकरण की जानकारी मिली, मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी आरक्षक को लाइन अटैच करने की तैयारी चल रही है और भ्रष्टाचार के इस मामले में आगे सख्त कार्रवाई संभव है।

लोगों का कहना है कि जिस आरक्षक का काम कानून व्यवस्था बनाए रखना है, वही यदि पैसे लेकर मामलों को दबाने का काम करेगा तो सिस्टम पर भरोसा कैसे कायम रहेगा। गौरतलब है कि हाल के दिनों में प्रदेश के कई जिलों से पुलिसकर्मियों पर भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। यह मामला भी उसी कड़ी में बड़ा खुलासा माना जा रहा है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button