रायपुर में SSP लाल उमेद सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस: सालभर के आपराधिक आंकड़ों का खुलासा, सिंथेटिक ड्रग्स पर बड़ी सफलता

रायपुर। रायपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) लाल उमेद सिंह ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जिले के सालभर के आपराधिक आंकड़े और पुलिस की प्रमुख उपलब्धियां मीडिया के सामने रखीं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष अपराधों में आंशिक वृद्धि दर्ज की गई है, जिस पर पुलिस गंभीरता से मंथन कर रही है।
SSP ने बताया कि हत्या के मामलों में वृद्धि हुई है, वहीं त्वरित विवाद (छोटी-छोटी बातों से उपजे झगड़े) को लेकर अपराधों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखी गई है। उन्होंने कहा कि इस प्रवृत्ति पर समाज और प्रशासन दोनों को मिलकर विचार करने की आवश्यकता है।
उन्होंने जानकारी दी कि डकैती और लूट के मामलों में भी वृद्धि हुई है, हालांकि खरोरा की एक बड़ी घटना को छोड़ दें तो शेष मामले अपेक्षाकृत छोटे स्तर के रहे। राहत की बात यह रही कि चोरी के मामलों में गिरावट दर्ज की गई है।
महिला सुरक्षा को लेकर SSP ने बताया कि यौन उत्पीड़न के मामलों में भी आंशिक वृद्धि सामने आई है, जिसे लेकर पुलिस की सतर्कता और कार्रवाई लगातार जारी है।
साल की सबसे बड़ी उपलब्धि: सिंथेटिक ड्रग्स पर प्रहारSSP लाल उमेद सिंह ने कहा कि इस वर्ष रायपुर पुलिस की सबसे बड़ी उपलब्धि सिंथेटिक ड्रग्स के खिलाफ की गई प्रभावी कार्रवाई रही। पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय और अंतर्राज्यीय ड्रग्स नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
यातायात कार्रवाई: उन्होंने बताया कि मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 14 करोड़ रुपये से अधिक का सम्मन शुल्क वसूला गया है, जो यातायात नियमों के पालन को लेकर सख्ती का संकेत है।SSP ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण, नशे के नेटवर्क पर कार्रवाई और कानून-व्यवस्था को मजबूत करना रायपुर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी।




