नवा रायपुर के नवागांव में चला बुलडोजर, अवैध मकान-दुकानों पर कार्रवाई से तनाव

रायपुर। राजधानी रायपुर से सटे नवा रायपुर क्षेत्र के नवागांव में आज प्रशासन द्वारा बड़े पैमाने पर बुलडोजर कार्रवाई की गई। इस दौरान अवैध रूप से निर्मित घरों और दुकानों को जमींदोज किया जा रहा है। कार्रवाई के चलते इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।कार्रवाई को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। बुलडोजर कार्रवाई शुरू होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें पर्याप्त सूचना और वैकल्पिक व्यवस्था के बिना ही बेदखली की जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप: बिना नोटिस तोड़े जा रहे घर-दुकान
ग्रामीणों का कहना है कि वे वर्षों से यहां रहकर जीवन यापन कर रहे थे और अचानक की गई इस कार्रवाई से उनके सामने रोजगार और आवास का संकट खड़ा हो गया है। कुछ ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासन की ओर से उन्हें लिखित रूप में स्पष्ट जानकारी या समय नहीं दिया गया।विरोध को देखते हुए पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया और प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को समझाइश दी जा रही है। हालांकि, कार्रवाई को लेकर लोगों में आक्रोश साफ नजर आ रहा है।
NRDA अधिकारियों ने साधी चुप्पी
मामले को लेकर नया रायपुर विकास प्राधिकरण”(NRDA) के अधिकारी मौके पर मौजूद तो हैं, लेकिन उन्होंने मीडिया को किसी भी प्रकार की आधिकारिक जानकारी देने से इनकार कर दिया। इससे कार्रवाई को लेकर असमंजस और बढ़ गया है।
सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई न्यू रायपुर क्षेत्र में अवैध निर्माण हटाने के अभियान के तहत की जा रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक इसकी औपचारिक पुष्टि या विस्तृत विवरण सामने नहीं आया है।
इलाके में तनाव, स्थिति पर नजर
फिलहाल नवागांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। पुलिस बल मौके पर तैनात है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। संभावना जताई जा रही है कि कार्रवाई आगे भी जारी रह सकती है।



