
छत्तीसगढ़ भाजपा संघठन के प्रदेश प्रभारी रह चुके हैं माथुर
रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति और फेरबदल किया है। इसके तहत सिक्किम के राज्यपाल रहे ओम प्रकाश माथुर को केरल का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं, केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ओम प्रकाश माथुर सहित सभी नवनियुक्त राज्यपालों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सभी राज्यपाल अपने अनुभव और मार्गदर्शन से संबंधित राज्यों में सुशासन, जनकल्याण और विकास को नई मजबूती प्रदान करेंगे।
किस राज्य में किसे बनाया गया राज्यपाल?
राष्ट्रपति भवन की ओर से 12 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, छह राज्यों में नियुक्तियों की सूची इस प्रकार है।
- केरल: ओम प्रकाश माथुर
- तमिलनाडु: राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर
- ओडिशा: ब्रज मोहन राम
- कर्नाटक: डॉ. सुधा यादव
- उत्तराखंड: डॉ. ढाल सिंह बिसेन
- सिक्किम: दुष्यंत गौतम
दो राज्यों में फेरबदल, चार नए चेहरों को जिम्मेदारी
इस नियुक्ति प्रक्रिया में ओम प्रकाश माथुर को सिक्किम से केरल भेजा गया है, जबकि राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु का राज्यपाल बनाया गया है। वहीं, ब्रज मोहन राम, डॉ. सुधा यादव, डॉ. ढाल सिंह बिसेन और दुष्यंत गौतम को नए राज्यपाल के रूप में नियुक्त किया गया है।




