राजनांदगांव–मानपुर सड़क परियोजना में 300 करोड़ के ठेके पर विवाद, भाजपा सांसद संतोष पांडे ने ठेके में गड़बड़ी के लगाए गंभीर आरोप, PWD सचिव को लिखा पत्र

राजनांदगांव। राजनांदगांव से मानपुर तक प्रस्तावित लगभग 300 करोड़ रुपए की लागत वाली सड़क परियोजना का ठेका विवादों में आ गया है। भाजपा सांसद संतोष पांडे ने ठेका प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मामले को सार्वजनिक कर दिया है, जिससे राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में खलबली मच गई है।
300 करोड़ की केंद्रीय स्वीकृति, 95 किमी सड़क निर्माण
सांसद द्वारा लिखे गए पत्र के अनुसार, राजनांदगांव से अंबागढ़ चौकी होते हुए मोहला–मानपुर तक लगभग 95 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने करीब 300 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की है। इस परियोजना का ठेका अमर बिल्डर्स को दिए जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया है।
टेंडर शर्तों में बदलाव से सरकारी नुकसान का आरोप
सांसद संतोष पांडे ने आरोप लगाया है कि पहले यह टेंडर 20 प्रतिशत बिलो दर पर स्वीकृत किया गया था, लेकिन बाद में इसे 17 प्रतिशत बिलो कर दिया गया। उनके अनुसार इस बदलाव से सरकार को लगभग 8 करोड़ रुपए का नुकसान हो रहा है।
वर्क इन हैंड्स की जानकारी छुपाने का दावा
सांसद ने अपने पत्र में यह भी आरोप लगाया है कि ठेका पाने वाली कंपनी अमर बिल्डर्स ने अपने वर्क इन हैंड्स (निर्माणाधीन परियोजनाओं) की वास्तविक जानकारी टेंडर प्रक्रिया के दौरान छुपाई है, जो नियमों का उल्लंघन है।
PWD सचिव से टेंडर पर रोक की मांग:मामले को गंभीर बताते हुए सांसद पांडे ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव को पत्र लिखकर संबंधित ठेके पर तत्काल रोक लगाने और पूरे टेंडर प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की है।
राजनीतिक हलकों में हलचल: सत्तारूढ़ दल से जुड़े प्रभावशाली लोगों से ठेकेदार के कथित संबंधों की चर्चा पहले से ही ठेकेदार समुदाय में थी। ऐसे में भाजपा सांसद द्वारा खुले मंच से लगाए गए आरोपों ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है।




