PHQ में विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी की संविदा नियुक्ति, कमलोचन कश्यप को मिली अहम जिम्मेदारी

रायपुर- छत्तीसगढ़ शासन ने गृह (पुलिस) विभाग में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक आदेश जारी किया है। राज्य शासन द्वारा सेवानिवृत्त पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) श्री कमलोचन कश्यप को विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (OSD) के पद पर संविदा नियुक्ति प्रदान की गई है।
यह आदेश छत्तीसगढ़ शासन, गृह (पुलिस) विभाग, मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर से जारी किया गया है। आदेश के अनुसार, श्री कश्यप को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (संविदा नियुक्ति) नियम, 2012 के नियम 4(4) के तहत यह नियुक्ति दी गई है।
एक वर्ष अथवा आगामी आदेश तक रहेगी नियुक्ति
जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि श्री कमलोचन कश्यप की यह संविदा नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से एक वर्ष अथवा आगामी आदेश तक (जो भी पहले हो) प्रभावी रहेगी। उन्हें यह जिम्मेदारी पुलिस मुख्यालय, छत्तीसगढ़, रायपुर के अंतर्गत रिक्त अस्थायी पद के विरुद्ध सौंपी गई है। आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि संविदा की सेवा शर्तें पृथक से जारी की जाएंगी, जिसके आधार पर श्री कश्यप अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
गृह विभाग के सूत्रों के अनुसार, पुलिस विभाग में श्री कश्यप के लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासनिक दृष्टि से इस नियुक्ति को पुलिस मुख्यालय में कार्यों के बेहतर समन्वय और मार्गदर्शन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





