छत्तीसगढ़

Road Accident: महासमुंद रोड पर भीषण सड़क हादसा, दो सगे भाइयों समेत 3 युवकों की मौके पर मौत

रायपुर। महासमुंद मुख्य मार्ग पर बीती रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार टाटा विस्टा कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर रेलिंग तोड़ते हुए सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा आरंग नदी के पास हुआ। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

हादसे में मृतकों की पहचान हर्ष देवांगन, राहुल देवांगन (दोनों सगे भाई) और थानू सतनामी के रूप में हुई है। वहीं मिथलेश धीवर गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि सभी युवक 20 से 22 वर्ष की आयु के थे। कम उम्र में हुई इस दर्दनाक घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

मामला आरंग थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button