छत्तीसगढ़

BBM के 15 नक्सली 3 मार्च तक करेंगे सरेंडर, पुनर्वास की मांग को लेकर गृहमंत्री को लिखा गया पत्र

रायपुर | नक्सल मोर्चे पर राज्य सरकार को बड़ी सफलता मिलने के संकेत मिले हैं। बलांगीर–बरगढ़–महासमुंद डिवीजन के पश्चिम सब ब्यूरो से जुड़े BBM के 15 नक्सलियों के 3 मार्च तक आत्मसमर्पण करने की जानकारी सामने आई है।

सूत्रों के अनुसार, पश्चिम सब ब्यूरो सचिव विकास ने इस संबंध में राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा को पत्र लिखा है। पत्र में नक्सलियों के आत्मसमर्पण के बाद सुरक्षा और पुनर्वास की गारंटी देने की मांग की गई है। साथ ही यह भी कहा गया है कि यदि सरकार की पुनर्वास नीति पर भरोसा मिले तो बड़ी संख्या में नक्सली मुख्यधारा में लौटने को तैयार हैं।

इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि उन्होंने रेडियो संदेश के माध्यम से नक्सलियों से संवाद का संदेश भेजा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार पहले से ही समर्पण एवं पुनर्वास नीति पर गंभीरता से काम कर रही है।

गृहमंत्री ने यह भी बताया कि वे शीघ्र ही एक वीडियो संदेश जारी करेंगे, जिसमें नक्सलियों से अपील की जाएगी कि आत्मसमर्पण करने वालों की सुरक्षा, सम्मान और पुनर्वास का सरकार पूरा ध्यान रखेगी।

सरकार का मानना है कि यह पहल नक्सल प्रभावित इलाकों में शांति बहाली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है। यदि यह आत्मसमर्पण होता है, तो यह नक्सल नेटवर्क के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button