छत्तीसगढ़

राज्यपाल रमेन डेका ने प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी का किया भव्य शुभारंभ

युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का किया आह्वान

रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में जिला मुख्यालय बालोद के समीप ग्राम दुधली में आज प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी का भव्य शुभारंभ हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि जंबूरी केवल एक शिविर नहीं, बल्कि एकता, विविधता, भाईचारे और साझा उद्देश्यों का उत्सव है, जो युवाओं को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता है।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जैन, मुख्य राज्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर के पदाधिकारी तथा देशभर से आए बड़ी संख्या में रोवर–रेंजर उपस्थित रहे।

राज्यपाल डेका एवं अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर तथा आसमान में गुब्बारे छोड़कर जंबूरी का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जंबूरी पत्रिका एवं नए बैज का भी विमोचन किया गया। अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि स्काउट–गाइड आंदोलन युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सेवा भावना का विकास करता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे समाज के लिए कम से कम एक सकारात्मक कार्य अवश्य करें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें। देश में पहली बार आयोजित हो रही यह राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी पूरे राष्ट्र के लिए गौरव का विषय है।

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि स्काउट–गाइड युवाओं को जीवन मूल्यों, अनुशासन और सामाजिक दायित्वों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने रोवर–रेंजरों को समाज, राष्ट्र और विश्व के लिए कार्य करने वाला प्रेरणास्रोत बताते हुए सभी प्रतिभागियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

स्वागत उद्बोधन में भारत स्काउट–गाइड्स के मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल ने ग्राम दुधली में आयोजित इस प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी को ऐतिहासिक एवं अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। मुख्य राज्य आयुक्त श्री इंदरजीत सिंह खालसा ने इसे छत्तीसगढ़ के स्वर्णिम अध्याय में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि करार देते हुए सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विभिन्न राज्यों से आए रोवर एवं रेंजरों ने आकर्षक मार्चपास्ट कर राज्यपाल एवं अतिथियों को सलामी दी। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने भारतीय संस्कृति की बहुरंगी छटा बिखेरी। उल्लेखनीय है कि इस 5 दिवसीय राष्ट्रीय जंबूरी में देश के सभी राज्यों के साथ रेलवे, नवोदय विद्यालय सहित कुल 33 राज्यों के रोवर–रेंजर प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, स्काउट–गाइड अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक भी उपस्थित रहे।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search