छत्तीसगढ़

होली से पहले नगरीय निकाय कर्मियों को बड़ी राहत, हजारों कर्मचारियों का वेतन भुगतान सुनिश्चित, 62.85 करोड़ रुपये जारी

रायपुर। होली पर्व से पहले प्रदेश के हजारों नगरीय निकाय कर्मियों को बड़ी राहत मिली है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने वेतन भुगतान के लिए राज्य के नगरीय निकायों को कुल 62.85 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी है। इस निर्णय से लंबे समय से वेतन की प्रतीक्षा कर रहे कर्मचारियों को समय पर भुगतान सुनिश्चित होगा और वे त्योहार को उत्साह के साथ मना सकेंगे।

विभाग द्वारा वेतन भुगतान के लिए चुंगी क्षतिपूर्ति मद से 51.71 करोड़ रुपये का विशेष आबंटन किया गया है। इसके साथ ही नियमित मासिक चुंगी क्षतिपूर्ति के अंतर्गत 11.14 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि भी जारी की गई है। यह पूरी राशि फरवरी 2026 तक लंबित वेतन के आधार पर नगरीय निकायों को वितरित की गई है, ताकि किसी भी कर्मचारी का भुगतान लंबित न रहे।

वेतन मद में प्रदेश के 11 नगर निगमों को कुल 25.05 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इनमें भिलाई नगर निगम को 4 करोड़ रुपये, बिलासपुर नगर निगम को 5 करोड़ रुपये और राजनांदगांव नगर निगम को 3 करोड़ रुपये शामिल हैं। इसके अलावा राज्य की नगर पालिकाओं को 16.48 करोड़ रुपये तथा नगर पंचायतों को 10.17 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की गई है।

साथ ही नियमित चुंगी क्षतिपूर्ति के तहत सभी 14 नगर निगमों को 7.51 करोड़ रुपये, 54 नगर पालिकाओं को 2.08 करोड़ रुपये और 124 नगर पंचायतों को 1.54 करोड़ रुपये की मासिक क्षतिपूर्ति राशि जारी की गई है।

होली से पहले वेतन भुगतान की यह व्यवस्था नगरीय निकाय कर्मियों के लिए बड़ी सौगात मानी जा रही है। इससे न केवल कर्मचारियों की आर्थिक समस्याओं में राहत मिलेगी, बल्कि नगरीय प्रशासन की कार्यप्रणाली में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button