
नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। अगले साल से NEET परीक्षा ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। अब तक OMR शीट पर ऑफलाइन होने वाली परीक्षा को कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) में बदला जाएगा। सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए यह कदम उठाया है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि पिछले दिनों पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ियों को लेकर उठे विवाद के बाद परीक्षा प्रणाली में बड़े सुधार की जरूरत महसूस की गई थी। इसी के तहत अब OMR शीट को पूरी तरह हटाने की तैयारी की जा रही है। ऑनलाइन परीक्षा होने से पेपर लीक, फर्जीवाड़ा और परीक्षा केंद्रों पर होने वाली अनियमितताओं पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकेगी।
21 जून को दोबारा होगी NEET परीक्षा
इधर, पेपर लीक विवाद के चलते रद्द की गई NEET UG 2026 परीक्षा की नई तारीख भी घोषित कर दी गई है। अब यह परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित होगी। NTA 14 जून तक एडमिट कार्ड और परीक्षा केंद्रों से जुड़ी नई गाइडलाइन जारी करेगा।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद छात्रों को कंप्यूटर पर प्रश्न हल करने होंगे। इसके लिए देशभर में परीक्षा केंद्रों को हाईटेक बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऑनलाइन परीक्षा से रिजल्ट प्रक्रिया भी तेज होगी और मूल्यांकन में पारदर्शिता बढ़ेगी। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों के लिए डिजिटल परीक्षा प्रणाली को लेकर चुनौतियां भी सामने आ सकती हैं, जिस पर सरकार तैयारी कर रही है।



