छत्तीसगढ़

गंगरेल नौकायान उत्सव: महानदी की लहरों पर दौड़ी रफ्तार, धमतरी ने रचा इतिहास

धमतरी। गंगरेल बांध की शांत जलधारा आज रोमांच और उत्साह से भर उठी, जब ‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ के तहत भव्य महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप का सफल आयोजन किया गया। मचान हाट प्वाइंट से गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स प्वाइंट तक 1000 मीटर की चुनौतीपूर्ण दूरी में आयोजित इस प्रतियोगिता ने धमतरी को एक नई पहचान दी।

इस ऐतिहासिक आयोजन में धमतरी सहित कांकेर और बालोद जिलों की कुल 52 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ ओमकार साहू, रामू रोहरा और रंजना साहू ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान कलेक्टर अविनाश मिश्रा और सीईओ जिला पंचायत गजेन्द्र ठाकुर समेत कई गणमान्य उपस्थित रहे।

महिला सहभागिता बनी आकर्षण का केंद्र

ग्रामीण अंचलों की महिलाओं ने भी प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। तिर्रा गांव की चयन बाई, सुमन और दिनेश्वरी निधार ने पारंपरिक नाव के साथ भाग लेकर महिला सशक्तिकरण का प्रेरक संदेश दिया।

प्रतियोगिता के विजेता

प्रथम स्थान: रोमार निषाद तिरी एवं जीतु निषाद (₹1,00,000)

द्वितीय स्थान: सत्वंत मंडावी एवं मिथलेश मंडावी (₹50,000)

तृतीय स्थान: कोमल निषाद एवं महेश्वर कुरेटरी (₹25,000)

इसके अलावा वेशभूषा और सजावट के लिए ₹11,000 के विशेष पुरस्कार दिए गए, वहीं महिला प्रतिभागियों को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई।

पर्यटन और विकास को मिलेगा बढ़ावा

विधायक ओमकार साहू ने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और जल पर्यटन को नई ऊंचाई देगा। कलेक्टर अविनाश मिश्रा के अनुसार, ऐसे आयोजन युवाओं में खेल और एडवेंचर गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ाते हैं।

कार्यक्रम में पौधरोपण, मछुआ समितियों को आइस बॉक्स वितरण और वॉटर एंबुलेंस की शुरुआत जैसी पहलें भी की गईं। ‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ अब धमतरी को राज्य के उभरते एडवेंचर और पर्यटन हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो रहा है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button