नक्सलवाद पर कांग्रेस ने नहीं दिया सहयोग, झूठ बोलने में माहिर है विपक्ष : CM साय

रायपुर। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने नक्सल उन्मूलन को लेकर कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel के बयानों पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस झूठ बोलने में माहिर है। उन्होंने कहा कि यदि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने वास्तव में प्रभावी काम किया होता, तो छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद बहुत पहले ही कमजोर पड़ गया होता।
रायपुर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र सरकार की स्पष्ट मंशा थी कि देश के अन्य राज्यों की तरह छत्तीसगढ़ में भी नक्सल प्रभाव तेजी से कम हो, लेकिन अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के कारण लंबे समय तक प्रदेश का बड़ा हिस्सा नक्सली हिंसा से प्रभावित रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बस्तर में जो सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है, वह केवल सुरक्षा अभियानों का परिणाम नहीं है, बल्कि केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय, सुरक्षा बलों के अदम्य साहस, तेज विकास कार्यों और स्थानीय जनता के विश्वास का संयुक्त परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरकार बस्तर को हिंसा और भय की पहचान से बाहर निकालकर शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई, रोजगार और आत्मनिर्भरता की नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
साय ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस तथ्यहीन नैरेटिव गढ़कर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि वर्तमान सरकार ने नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक अभियान चलाया है।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah ने हाल ही में बस्तर दौरे के दौरान कहा था कि कई भाजपा शासित राज्यों ने नक्सलमुक्त अभियान में केंद्र सरकार का पूरा सहयोग किया, लेकिन छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने अपेक्षित समर्थन नहीं दिया। उन्होंने यह भी कहा था कि 13 दिसंबर 2023 को राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद बस्तर में बचे हुए नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए गंभीर और समन्वित प्रयास शुरू किए गए।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नक्सलवाद जैसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े गंभीर विषय पर राजनीतिक बयानबाजी के बजाय ईमानदार आत्ममंथन की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आज बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास का जो वातावरण बन रहा है, वह केंद्र सरकार की स्पष्ट नीति, राज्य सरकार की प्रतिबद्धता, सुरक्षा बलों के पराक्रम और जनता के विश्वास की जीत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार के लिए बस्तर का भविष्य, यहां के युवाओं का विश्वास और क्षेत्र का स्थायी विकास सर्वोच्च प्राथमिकता है।




