दंतेवाड़ा: बैलाडीला की पहाड़ियों में बड़ा भूस्खलन, 500 मीटर तक खिसका पहाड़; लोहागांव जाने का रास्ता बंद

दंतेवाड़ा। जिले के किरंदुल स्थित बैलाडीला की पहाड़ियों में बड़ा भूस्खलन (लैंडस्लाइड) होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। NMDC के डिपॉजिट-14 के पिछले हिस्से में करीब 500 मीटर तक पहाड़ का बड़ा हिस्सा खिसक गया। पहाड़ी से भारी मात्रा में मिट्टी और चट्टानें नीचे आने से लोहागांव जाने वाला रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया है।
जानकारी के मुताबिक, NMDC द्वारा डिपॉजिट-14 क्षेत्र में वेस्ट मटेरियल डंप किया जा रहा था। इसी दौरान पहाड़ी के पिछले हिस्से में बड़े पैमाने पर लैंडस्लाइड की घटना सामने आई। सड़क पर मलबा और मिट्टी जमा होने से ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हुआ है।
अभी भी खिसक रही पहाड़ी की मिट्टी
बताया जा रहा है कि भूस्खलन की प्रक्रिया अभी पूरी तरह थमी नहीं है। पहाड़ से मिट्टी और मलबा लगातार नीचे की ओर खिसक रहा है। ऐसे में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी खतरे की आशंका बनी हुई है। डिपॉजिट-14 के पीछे लोहागांव, मलांगिर और एंड्री सहित कई ग्रामीण इलाके मौजूद हैं।
खनन गतिविधियों और पर्यावरणीय नुकसान पर सवाल
बैलाडीला की पहाड़ियां लंबे समय से खनन गतिविधियों के कारण चर्चा में रही हैं। करीब 500 मीटर क्षेत्र में पहाड़ी का हिस्सा खिसकने से पर्यावरणीय नुकसान और भूगर्भीय स्थिरता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से घटना का संज्ञान लेकर मौके का निरीक्षण कराने और भूस्खलन के कारणों की जांच कराने की मांग की है।
फिलहाल इस घटना के बाद लोहागांव जाने वाला मार्ग बंद है। अब देखना होगा कि प्रशासन और संबंधित एजेंसी की ओर से रास्ता बहाल करने तथा प्रभावित क्षेत्र की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।



