छत्तीसगढ़ में अब टोकन सिस्टम से मिलेगा खाद, छोटे किसानों को राहत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में किसानों को खाद वितरण के लिए अब टोकन व्यवस्था लागू की जाएगी। राज्य सरकार ने खाद वितरण को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से नई व्यवस्था तैयार की है। सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने जानकारी देते हुए कहा कि वैश्विक परिस्थितियों और सप्लाई प्रभावित होने के कारण खाद की उपलब्धता को लेकर समस्या बनी हुई है, लेकिन राज्य सरकार किसानों को उनके रकबा के अनुसार खाद उपलब्ध कराएगी।
नई व्यवस्था के तहत छोटे किसानों को एक ही टोकन में पूरा खाद उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उन्हें बार-बार समितियों और केंद्रों के चक्कर न लगाने पड़ें। वहीं जिन किसानों के पास ढाई एकड़ तक भूमि है, उन्हें दो टोकन में खाद दिया जाएगा। इसके अलावा पांच एकड़ तक के किसानों को तीन टोकन के माध्यम से खाद वितरण किया जाएगा।
सरकार के अनुसार किसानों को यूरिया की लगभग 80 प्रतिशत और डीएपी की करीब 60 प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। विभाग का कहना है कि मौजूदा हालात में खाद की मांग काफी अधिक है, जबकि सप्लाई प्रभावित होने से दबाव बढ़ा है। ऐसे में टोकन सिस्टम लागू होने से वितरण प्रक्रिया नियंत्रित और व्यवस्थित होगी तथा कालाबाजारी और अव्यवस्था पर भी रोक लगेगी।
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए लगातार केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है। सरकार का प्रयास है कि किसी भी किसान को खेती के सीजन में खाद की कमी का सामना न करना पड़े। नई व्यवस्था से किसानों को राहत मिलने और वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता आने की उम्मीद जताई जा रही है।




