छत्तीसगढ़

कायाकिंग-कैनोइंग संघ में छत्तीसगढ़ का बढ़ा कद, प्रशांत सिंह रघुवंशी बने राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष

राष्ट्रीय खेलों में बढ़ती भागीदारी और खिलाड़ियों की उपलब्धियों से मजबूत हुई प्रदेश की दावेदारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। भारतीय कायाकिंग एवं कैनोइंग संघ की चुनाव प्रक्रिया में छत्तीसगढ़ प्रदेश कायाकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन के पदाधिकारी प्रशांत सिंह रघुवंशी को संघ का कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। नेशनल स्पोर्ट्स कोड लागू होने के बाद संपन्न हुई चुनाव प्रक्रिया में प्रदेश को राष्ट्रीय खेल प्रशासन के महत्वपूर्ण पदों में से एक की जिम्मेदारी मिली है। इसे राष्ट्रीय खेल संगठनों में छत्तीसगढ़ की बढ़ती भागीदारी और प्रभाव के रूप में देखा जा रहा है।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

भारतीय कायाकिंग एवं कैनोइंग संघ के प्रमुख पदों पर निर्वाचित पदाधिकारी इस प्रकार हैं:

  • अध्यक्ष – प्रशांत कुशवाहा
  • सचिव – विपिन दास
  • कोषाध्यक्ष – प्रशांत सिंह रघुवंशी

प्रदेश में कायाकिंग-कैनोइंग को मिली नई पहचान

छत्तीसगढ़ में कायाकिंग एवं कैनोइंग खेल को विकसित करने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में प्रशांत सिंह रघुवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके प्रयासों से प्रदेश में इस खेल की गतिविधियों को लगातार बढ़ावा मिला है। खिलाड़ियों को खेल उपकरण उपलब्ध कराने, प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के अवसर बढ़ाने तथा राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने के लिए खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।

प्रदेश में खेल के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं। वर्तमान में छत्तीसगढ़ प्रदेश कायाकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन के पास स्प्रिंट वर्ग में K-1, K-2, K-4, C-1, C-2 और C-4 कैटेगरी की 8-8 बोट उपलब्ध हैं। इसके अलावा पैरा कैनो की 2 बोट और कैनो स्लालम की 2 बोट भी हैं। ड्रैगन बोट भी जल्द उपलब्ध होने वाली है।

चार साल में राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 40 पदक

प्रदेश में खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं का मंच उपलब्ध कराने के लिए कोच नियुक्त कर नियमित प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। जगदलपुर और दंतेवाड़ा में अकादमी शुरू कराने के साथ ही राज्य के विभिन्न जिलों में इस खेल को विस्तार देने के लिए प्रयास किए गए।

इन प्रयासों का परिणाम प्रदेश के खिलाड़ियों के प्रदर्शन में दिखाई दे रहा है। पिछले चार वर्षों में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 40 पदक हासिल किए हैं। यह उपलब्धि प्रदेश में कायाकिंग एवं कैनोइंग खेल की बढ़ती लोकप्रियता और खिलाड़ियों की प्रतिभा को दर्शाती है।

राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी के लिए मजबूत होती दावेदारी

राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी केवल बड़े स्टेडियम और आधारभूत सुविधाओं तक सीमित नहीं होती। इसके लिए मजबूत खेल प्रशासन, अनुभवी नेतृत्व, राष्ट्रीय खेल संगठनों में प्रभावी प्रतिनिधित्व, प्रतियोगिताओं के आयोजन का अनुभव, खिलाड़ियों की उपलब्धियां और सरकार की खेल विकास नीति भी महत्वपूर्ण होती है।

छत्तीसगढ़ ने पिछले कुछ वर्षों में इन सभी क्षेत्रों में अपनी स्थिति मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय प्रयास किए हैं। कायाकिंग एवं कैनोइंग जैसे जल आधारित खेलों में प्रदेश की बढ़ती पहचान और राष्ट्रीय संगठन में मिली जिम्मेदारी आगामी राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी के लिए छत्तीसगढ़ की दावेदारी को सकारात्मक आधार प्रदान करती है।

राष्ट्रीय खेल प्रशासन में छत्तीसगढ़ की बढ़ती भागीदारी

भारतीय ओलंपिक खेल महासंघों में छत्तीसगढ़ को अब तक तीसरी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने का उल्लेख किया गया है। प्रदेश से राष्ट्रीय खेल संघ में अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर चुनाव जीतकर पहुंचने वाले प्रशासकों में प्रशांत सिंह रघुवंशी तीसरे प्रतिनिधि बने हैं। उनकी इस उपलब्धि से प्रदेश के खेल प्रशासन को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।

खेल पदाधिकारियों ने दी बधाई

प्रशांत सिंह रघुवंशी के भारतीय कायाकिंग एवं कैनोइंग संघ का कोषाध्यक्ष निर्वाचित होने पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कायाकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष बलदेव सिंह भाटिया, सचिव अभिजीत मिश्रा, सहसचिव अमरजीत छाबड़ा, डॉ. नवीन बाफना सहित सभी पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर प्रशांत सिंह रघुवंशी ने कहा कि यह उपलब्धि भारतीय कायाकिंग एवं कैनोइंग संघ द्वारा उन पर जताए गए विश्वास, छत्तीसगढ़ प्रदेश कायाकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष बलदेव सिंह भाटिया के मार्गदर्शन, पदाधिकारियों के निरंतर सहयोग, प्रदेश के खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और देशभर के विभिन्न राज्यों के पदाधिकारियों के समर्थन का परिणाम है।

उन्होंने सभी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search