
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित जिला कांग्रेस अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर के 8वें दिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर प्रभावी ढंग से संघर्ष करने का मंत्र दिया। उन्होंने जिला अध्यक्षों से कहा कि वे जनता की लड़ाई आक्रामक तरीके से लड़ें और केंद्र व राज्य सरकार की कथित भ्रष्ट नीतियों के खिलाफ मुखर होकर आवाज उठाएं।
भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने संगठन को मजबूत जिम्मेदारी सौंपी है, जिसका उपयोग जनता के हित में किया जाना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों के कार्यों, पार्टी की विचारधारा, इतिहास और देश के विकास में कांग्रेस के योगदान पर भी विस्तार से चर्चा की।
शिविर में अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह तथा अल्पसंख्यक विभाग के अमीन मेमन ने आदिवासी अधिकार, अल्पसंख्यक कल्याण और जल, जंगल, जमीन जैसे विषयों पर व्याख्यान दिया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत प्रतिदिन प्रशिक्षण के सभी सत्रों में शामिल हो रहे हैं और प्रशिक्षण स्थल पर ही रात्रि विश्राम भी कर रहे हैं।
राष्ट्रीय प्रशिक्षण प्रभारी सचिन राव की देखरेख में प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित हो रहा है। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, व्यवस्था समिति के सदस्य और सेवादल के स्वयंसेवक शिविर की व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं।
प्रशिक्षण के 9वें दिन जिला अध्यक्ष लखना गांव में श्रमदान करेंगे, जबकि 10वें और अंतिम दिन 29 जून को प्रशिक्षण शिविर का समापन होगा।



