
पूर्व महापौर अंबिका यदु के रिकॉर्ड में महिला की जगह पुरुष दर्ज, महापौर नंदलाल देवांगन के रिकॉर्ड में भी लिंग संबंधी त्रुटि
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगे बीरगांव नगर निगम क्षेत्र की मतदाता सूची में कथित तौर पर बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद भी मतदाताओं के विवरण में त्रुटियां मिलने से निर्वाचन प्रक्रिया के तहत किए गए सत्यापन पर सवाल उठ रहे हैं।
पूर्व महापौर अंबिका यदु के रिकॉर्ड में बड़ी चूक
बीरगांव नगर निगम की पूर्व महापौर अंबिका यदु के मतदाता रिकॉर्ड में लिंग वाले कॉलम में महिला के बजाय पुरुष दर्ज है। एक पूर्व जनप्रतिनिधि के रिकॉर्ड में इस तरह की त्रुटि सामने आने से मतदाता सूची में दर्ज जानकारियों की शुद्धता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसी तरह महापौर नंदलाल देवांगन के रिकॉर्ड में भी गड़बड़ीसामने आई है,बीरगांव के महापौर नंदलाल देवांगन के रिकॉर्ड में भी पुरुष के बजाय महिला बताया गया है।
SIR के बाद भी त्रुटियां कैसे रह गईं?
SIR का उद्देश्य मतदाता सूची का पुनरीक्षण कर उसमें दर्ज विवरणों को सही करना है। ऐसे में यदि सत्यापन के बाद भी मतदाताओं के लिंग संबंधी विवरण गलत दर्ज हैं, तो इन प्रविष्टियों की जांच और सुधार जरूरी है।
मतदाता सूची में गलतियों की वास्तविक संख्या, उनके कारण और जिम्मेदारी किसकी है, यह संबंधित निर्वाचन अधिकारियों की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
फिलहाल मतदाता सूची में सामने आई इन त्रुटियों के संबंध में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी का आधिकारिक वक्तव्य नहीं मिल सका है। निर्वाचन विभाग की ओर से इस मामले में स्पष्टीकरण सामने आने के बाद ही गड़बड़ियों के कारणों और सुधार की प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



