
रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और गौरव की खबर है। राज्य की होनहार वेटलिफ्टिंग खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव ने कॉमनवेल्थ गेम्स, ग्लासगो में महिला 53 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
ज्ञानेश्वरी की सफलता पर मुख्यमंत्री एवं छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा, ज्ञानेश्वरी यादव ने कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतकर विश्व मंच पर छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मुझे विश्वास है कि ज्ञानेश्वरी भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत और छत्तीसगढ़ का नाम और ऊंचा करेंगी।
छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. विक्रम सिंह सिसोदिया ने कहा, “ज्ञानेश्वरी यादव का यह रजत पदक छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ने वाला है। यह सफलता उनकी वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उनकी उपलब्धि से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों में नया उत्साह और आत्मविश्वास पैदा होगा। छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और भविष्य में भी उन्हें हर संभव सहयोग देता रहेगा।”
साथ ही छत्तीसगढ़ वेटलिफ्टिंग संघ और छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों ने ज्ञानेश्वरी यादव की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह ऐतिहासिक उपलब्धि राज्य के खेल जगत के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी और अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की पहचान को और मजबूत करेगी।




