रायपुर में 28 जुलाई को होगा छत्तीसगढ़ का पहला स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव, खेलों के भविष्य का तैयार होगा रोडमैप

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खेलों के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए पहली बार स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का आयोजन 28 जुलाई को राजधानी रायपुर के कोर्टयार्ड-बाय-मेरियट होटल में किया जाएगा। इस कॉन्क्लेव में देशभर के खेल प्रशासक, ओलंपियन, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट, विशेषज्ञ और नामचीन खिलाड़ी शामिल होकर राज्य में खेलों के विकास, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, आधुनिक अधोसंरचना और नई खेल नीति पर मंथन करेंगे।
कॉन्क्लेव का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव सुबह 11 बजे करेंगे। उद्घाटन सत्र में वे “लीडरशिप, खेल प्रोत्साहन एवं प्रतिभा पहचान” विषय पर अपने विचार साझा करेंगे। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर किरण पिस्दा, तैराक अनुष्का भगत और एथलीट लकी मरकाम भी मंच साझा करेंगे।
शाम के सत्र में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री इस वर्ष आयोजित प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित करेंगे। इससे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन होगा और राज्य में खेल संस्कृति को नई मजबूती मिलेगी।
सात सत्रों में होगा गहन मंथन
दिनभर चलने वाले कॉन्क्लेव में कुल सात तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, प्रतिभा पहचान, स्पोर्ट्स साइंस, उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं की तैयारी, खेल अधोसंरचना, खेल अकादमियों के विकास, पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP), खेल महासंघों की भूमिका तथा छत्तीसगढ़ की पदक रणनीति और नई राज्य खेल नीति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी।
कॉन्क्लेव के समापन सत्र में सभी चर्चाओं के निष्कर्ष प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनके आधार पर राज्य में खेलों और खिलाड़ियों के विकास के लिए भविष्य की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
इन विषयों पर होगी चर्चा
कॉन्क्लेव में विजन 2036 : भारत के अगले ओलंपिक चैंपियनों की तैयारी, खेलों के विकास के संभावित मार्ग, स्पोर्ट्स साइंस की भूमिका, खेल महासंघों की जिम्मेदारी, खेल अधोसंरचना एवं अकादमियों का विकास, खेलो इंडिया मिशन, तथा छत्तीसगढ़ की पदक रणनीति और राज्य खेल नीति जैसे विषय प्रमुख रूप से शामिल रहेंगे।
ये होंगे प्रमुख वक्ता: कॉन्क्लेव में मुख्य वक्ताओं के रूप में ओलंपियन जिन्सन जॉनसन, प्रख्यात खेल वैज्ञानिक डॉ. रत्नेश सिंह, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. विक्रम सिसोदिया, हाई परफॉर्मेंस एनालिस्ट रोनक कोठारी, पीईएफआई के राष्ट्रीय सचिव डॉ. पियूष जैन तथा खेलो इंडिया के उप महानिदेशक मयंक श्रीवास्तव अपने अनुभव और सुझाव साझा करेंगे।
राज्य सरकार का मानना है कि यह स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव केवल एक चर्चा मंच नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ में खेलों के समग्र विकास, खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने और राज्य को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।




