छत्तीसगढ़

भारतीय सेना में बस्तर रेजिमेंट की स्थापना की दिशा में बढ़े कदम, रक्षा मंत्री ने भेजा सकारात्मक जवाब

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए एक महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण पहल के तहत भारतीय सेना में ‘बस्तर रेजिमेंट’ की स्थापना की दिशा में सकारात्मक प्रगति हुई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस संबंध में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा को पत्र लिखकर बताया है कि बस्तर रेजिमेंट के गठन के प्रस्ताव पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

दरअसल, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने केंद्र सरकार से भारतीय सेना में बस्तर क्षेत्र के युवाओं के लिए एक अलग रेजिमेंट गठित करने का अनुरोध किया था। इस मांग का उद्देश्य बस्तर के युवाओं को सेना में अधिक अवसर उपलब्ध कराना और क्षेत्र की वीर परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने पत्र में आश्वस्त किया है कि इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है और आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इस पत्र के सामने आने के बाद प्रदेश में इसे एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी इस विषय पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने केंद्र सरकार के समक्ष यह मांग प्रमुखता से रखी थी। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री का सकारात्मक जवाब उत्साहवर्धक है और यदि बस्तर रेजिमेंट का गठन होता है तो इससे बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के युवाओं को भारतीय सेना में रोजगार और सेवा का बेहतर अवसर मिलेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर के युवाओं में साहस, अनुशासन और देशसेवा की भावना हमेशा से रही है। बस्तर रेजिमेंट का गठन न केवल स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोलेगा, बल्कि क्षेत्र की पहचान और गौरव को भी नई ऊंचाई देगा।

फिलहाल रक्षा मंत्रालय की ओर से प्रक्रिया जारी है। प्रस्ताव को लेकर आगे की औपचारिकताओं और अंतिम निर्णय पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। यदि यह पहल साकार होती है, तो यह छत्तीसगढ़ और विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होगी।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search