
कांग्रेस के संगठनात्मक फेरबदल पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने साधा निशाना, बोले- पंजाब में विरोध झेलने के बाद बदला गया प्रभार
रायपुर। कांग्रेस के संगठनात्मक फेरबदल में पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस महासचिव भूपेश बघेल को पंजाब के प्रभारी पद से हटाकर असम की जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस बदलाव को लेकर भूपेश बघेल पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है।
मीडिया के सवाल पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि “अब किस तरह से भूपेश बघेल जी की नियुक्ति हो रही है, यह पूरी दुनिया जानती है। भूपेश बघेल पहले पंजाब के प्रभारी थे, तो वहां ‘गो बैक’ के पोस्टर चिपकाए गए और उन्हें विरोध झेलना पड़ा। आज पंजाब से उन्हें असम जाना पड़ा है, तो उसे अच्छी तरह से वे समझ लें।”
CM साय आमतौर पर रहते हैं संयमित, इस बार तेवर दिखे
राजनीतिक मुद्दों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आमतौर पर सधी हुई प्रतिक्रिया देते हैं। खासकर व्यक्तिगत राजनीतिक हमलों से वे दूरी बनाए रखते हैं। हालांकि, भाजपा और राज्य सरकार पर कांग्रेस की ओर से होने वाले हमलों का वे लगातार जवाब देते रहे हैं।ऐसे में भूपेश बघेल के पंजाब से असम भेजे जाने पर मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के करीब तीन साल पूरे होने के साथ मुख्यमंत्री साय का राजनीतिक पलटवार का अंदाज भी अधिक मुखर होता जा रहा है। कांग्रेस की ओर से सरकार और भाजपा संगठन पर होने वाले हमलों का जवाब अब पहले की तुलना में ज्यादा सीधे और तीखे अंदाज में दिया जा सकता है।




