‘अवतार 3’ के बाद भी जारी रहेगी पैंडोरा की कहानी, Avatar 4 और 5 की रिलीज डेट तय

मुंबई – जेम्स कैमरून की ब्लॉकबस्टर ‘अवतार’ फ्रैंचाइज़ को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। ‘अवतार 3’ यानी ‘Avatar: Fire and Ash’ के बाद भी पैंडोरा की कहानी खत्म नहीं होगी। फिल्म की दुनिया को आगे बढ़ाते हुए फ्रैंचाइज़ की दो और फिल्में ‘Avatar 4’ और ‘Avatar 5’ सिनेमाघरों में दस्तक देंगी।निर्माताओं के तय शेड्यूल के मुताबिक ‘Avatar 4’ 21 दिसंबर 2029 को रिलीज होगी, जबकि फ्रैंचाइज़ की पांचवीं और अंतिम फिल्म ‘Avatar 5’ 19 दिसंबर 2031 को सिनेमाघरों में आएगी।
पहली बार पृथ्वी पर जाएगी कहानी
अब तक ‘अवतार’ सीरीज की कहानी का बड़ा हिस्सा पैंडोरा ग्रह पर केंद्रित रहा है। लेकिन आने वाले दोनों पार्ट्स में कहानी पहली बार पृथ्वी (Earth) तक पहुंचने वाली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्मों में भविष्य की पृथ्वी की स्थिति और इंसानों के सामने मौजूद चुनौतियों को दिखाया जाएगा।
अवतार 4’ में होगा बड़ा टाइम जंप
‘Avatar 4’ की कहानी में करीब 6 साल का टाइम जंप देखने को मिलेगा। इसके चलते अब तक छोटे नजर आने वाले नावी बच्चे बड़े होकर योद्धाओं के रूप में दिखाई देंगे। जेक सुली और उसके परिवार के सामने पैंडोरा के नए और खतरनाक कबीलों की चुनौतियां भी देखने को मिल सकती हैं।
2031 में होगा फ्रैंचाइज़ का निष्कर्ष
‘Avatar 5’ को फ्रैंचाइज़ की अंतिम फिल्म के तौर पर शेड्यूल किया गया है। ऐसे में जेम्स कैमरून की बनाई यह विशाल सिनेमाई दुनिया 2031 में अपने निष्कर्ष तक पहुंचेगी।
‘अवतार’ सीरीज की सबसे खास बात इसका विशाल विजुअल वर्ल्ड और तकनीकी स्तर रहा है। अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि कैमरून पैंडोरा से पृथ्वी तक की कहानी को किस तरह पर्दे पर पेश करते हैं।



