छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से रेलवे ट्रैक धंसा, दुर्ग-दल्लीराजहरा सेक्शन में ट्रेनों का परिचालन प्रभावित

दुर्ग/रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब रेल परिचालन पर भी पड़ने लगा है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के रायपुर रेल मंडल के दुर्ग-दल्लीराजहरा सेक्शन में लाटाबोर और गुंडरदेही स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर जलभराव और ट्रैक धंसने की स्थिति सामने आई है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने इस मार्ग पर चलने वाली कुछ ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया है।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
स्थिति की जानकारी मिलते ही मंडल रेल प्रबंधक दयानंद समेत संरक्षा अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। रेलवे की इंजीनियरिंग विभाग की तकनीकी टीम ट्रैक को दुरुस्त करने के काम में जुटी हुई है।
ये ट्रेनें रहेंगी रद्द –
1. ट्रेन नंबर 78816 अंतागढ़-रायपुर:दल्लीराजहरा से रायपुर के बीच परिचालन रद्द रहेगा।
2. ट्रेन नंबर 78815 रायपुर-अंतागढ़:26 सितंबर 2026 को पूरी तरह रद्द रहेगी।
3. ट्रेन नंबर 78818 अंतागढ़-दुर्ग:26 सितंबर 2026 को ट्रेन दल्लीराजहरा से चलेगी। अंतागढ़ से दल्लीराजहरा के बीच इसका परिचालन रद्द रहेगा।
4. ट्रेन नंबर 68765 ताड़ोकी-रायपुर:26 सितंबर 2026 को रद्द रहेगी।
5. ट्रेन नंबर 68764 रायपुर-ताड़ोकी:26 सितंबर 2026 को रद्द रहेगी।
ट्रैक पर लगातार रखी जा रही नजर
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परिचालन में यह बदलाव किया है। संबंधित सेक्शन में रेलवे ट्रैक की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ट्रैक की स्थिति और सुरक्षा मानकों को देखते हुए आगे परिचालन संबंधी निर्णय लिए जाएंगे।




