
दुर्ग। मोहन नगर थाना क्षेत्र में लिव-इन रिलेशन में रह रही एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवती का शव मकान की सीढ़ियों के ऊपर फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, शंकर नगर दुर्ग निवासी अंजली जगदीश घोड़ेश्वर पिछले करीब दो साल से CISF जवान करण सिंह के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। करीब 15 दिन पहले ही दोनों शंकर नगर गली नंबर-10 स्थित किराए के मकान में रहने आए थे।
सीढ़ियों के ऊपर मिला शव
बताया जा रहा है कि अंजली का शव मकान में सीढ़ियों के ऊपर मिला। युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई और फांसी की घटना किस तरह हुई, पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटनास्थल की परिस्थितियों और मौके से मिले साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया गया है।घटना की सूचना के बाद मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिजनों को सूचना दी और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
CISF जवान समेत कई लोगों से पूछताछ
पुलिस युवती के साथ रहने वाले CISF जवान करण सिंह, मकान मालिक और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले युवती और उसके पार्टनर के बीच किसी तरह का विवाद या अन्य परिस्थिति तो नहीं बनी थी।
मोहन नगर थाना प्रभारी केशवराम कोसले ने बताया कि युवती द्वारा फांसी लगाने की जानकारी मिली है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।



