छत्तीसगढ़

कोरबा पुलिस ने NHAI अफसरों के खिलाफ दायर किया परिवाद, इधर NHAI ने रखरखाव एजेंसी पर लगाया ₹10 लाख का जुर्माना

कोरबा/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर दुर्घटना प्रबंधन और यातायात व्यवस्था की खामियों को लेकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। एक ओर कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर दुर्घटना के बाद राहत कार्य में देरी के मामले में NHAI ने रखरखाव एजेंसी पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है, वहीं दूसरी ओर कोरबा पुलिस ने आपात स्थिति में सहयोग नहीं करने और लोक सेवक के कर्तव्य के निर्वहन में कथित लापरवाही को लेकर NHAI अधिकारियों के खिलाफ कटघोरा कोर्ट में परिवाद दायर किया है।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

चोटिया टोल प्लाजा के पास हुई थी दुर्घटना

उक्त घटना 12 अक्टूबर 2026 को तड़के करीब 3 बजे चोटिया टोल प्लाजा के पास दो ट्रक-ट्रेलरों के बीच टक्कर हो गई थी। दुर्घटना के बाद वाहनों को हटाने में देरी के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा। इस दौरान दुर्घटना प्रबंधन और आपातकालीन सहायता व्यवस्था में कई कमियां सामने आईं।

क्रेन ऑपरेटर नहीं मिला, उपकरणों में भी ईंधन की कमी:घटना की समीक्षा में पाया गया कि संबंधित एजेंसी का परियोजना प्रबंधक घटनास्थल पर मौजूद नहीं था। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए जरूरी क्रेन ऑपरेटर भी उपलब्ध नहीं था। इसके अलावा, रिकवरी उपकरणों में पर्याप्त ईंधन नहीं होने के कारण राहत कार्य प्रभावित हुआ।

सबसे गंभीर बात यह रही कि राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन नंबर 1033 पर बार-बार सूचना दिए जाने के बावजूद समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध नहीं कराई जा सकी। इन कमियों के कारण दुर्घटनास्थल से वाहनों को हटाने और यातायात सामान्य करने में देरी हुई।

निर्धारित मानकों की अनदेखी पर कार्रवाई

NHAI ने इन खामियों को दुर्घटना प्रबंधन, राजमार्ग पेट्रोलिंग और आपातकालीन सहायता से जुड़े निर्धारित दायित्वों के अनुपालन में लापरवाही माना। इसके बाद संबंधित एजेंसी पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षित और सुचारु यातायात सुनिश्चित करने के लिए दुर्घटना की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता और समय पर सहायता अनिवार्य है। निर्धारित मानकों की अनदेखी करने वाली एजेंसियों की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इधर कोरबा पुलिस ने NHAI अफसरों पर कोर्ट में दायर किया परिवाद

छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर 12 अक्टूबर को दो ट्रेलर की भिड़ंत के बाद मार्ग में घंटों जाम लग गया। यातायात को व्यवस्थित करने और आवश्यक कार्रवाई के लिए कोरबा पुलिस ने NHAI के अधिकारियों से लगातार फोन पर संपर्क करने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, आपात स्थिति में आवागमन सुचारु कराने और जरूरी ऑपरेशन के लिए अधिकारियों से सहयोग मांगा गया, लेकिन NHAI अधिकारियों की ओर से फोन कॉल का उचित जवाब नहीं मिला। इससे मौके पर यातायात व्यवस्था संभालने में परेशानी हुई। जिसको लेकर कोरबा पुलिस ने NHAI अफसरों पर कोर्ट में परिवाद किया है, साथ ही पुलिस ने कहा है कि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों में सहयोग नहीं करने वाले अन्य एजेंसियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search